राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) की कार्यकारी समिति की 70वीं बैठक में हरिद्वार कुंभ मेला-2027 (Haridwar Kumbh Mela 2027) के लिए प्रस्तावित “एकीकृत स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट और जनस्वास्थ्य प्रबंधन योजना” में 115.61 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है. 115.61 करोड़ की लागत वाली यह परियोजना पूर्णतः केंद्रीय क्षेत्र के अंतर्गत प्रस्तावित है. परियोजना का उद्देश्य कुंभ मेले के दौरान आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था सुनिश्चित करना है.

इस धनराशि से कुंभ मेले के लिए 13,915 शौचालय, 8,065 यूरिनल और 2,000 स्नानगृह स्थापित किए जाने का प्रावधान है. इसके अतिरिक्त ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 4,840 कूड़ादान, 31.38 लाख लाइनर बैग, 491 अपशिष्ट संग्रहण वाहन, 2 ट्रैश बूम, 15 घाट सफाई मशीनें, 190 स्प्रेइंग मशीन और ट्रैक्टर, 55 फॉगिंग मशीनें, 30 घास काटने की मशीनें, कीटनाशक, पीपीई किट, प्राथमिक उपचार किट और सड़क सफाई के लिए आवश्यक उपभोग्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी.

इसे भी पढ़ें : मानसून से पहले आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कसी कमर, राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की हुई शुरुआत

इस योजना में अपशिष्ट प्रबंधन के लिए ट्रांसफर स्टेशन सुविधाओं, गैस आधारित शवदाह गृह और फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना का भी प्रावधान किया गया है. साथ ही निगरानी एवं प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के लिए क्लाउड-आधारित डैशबोर्ड विकसित किया जाएगा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा स्वीकृत की गई धनराशि से हरिद्वार में 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले में स्वच्छता, ठोस अपशिष्ठ तथा जन स्वास्थ्य प्रबंधन के साथ ही निगरानी और प्रबंधन को सुदृढ बनाने में मदद मिलेगी. मुख्यमंत्री ने इसके लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री का भी आभार व्यक्त किया.