शब्बीर अहमज, भोपाल। राजधानी भोपाल के रॉयल मार्केट इलाके से 3 दिन पहले लापता हुए 6 साल के मासूम बच्चे ‘अंश’ का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बच्चे की सुरक्षित घर वापसी के लिए पुलिस प्रशासन पूरी ताकत झोंक चुका है, लेकिन समय बीतने के साथ-साथ परिवार की चिंताएं और गहरी होती जा रही हैं।
अस्पताल से इलाज के दौरान अचानक हुआ गायब
दरअसल अंश का परिवार रॉयल मार्केट स्थित मल्टी केयर अस्पताल में इलाज कराने आया था। मासूम अंश अपनी मां के साथ था, लेकिन इसी दौरान रॉयल मार्केट चौराहे के पास से वह अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गया। 3 दिन बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई अता-पता नहीं चल सका है। मासूम की गुमशुदगी के इस संवेदनशील मामले को पुलिस प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। खुद पुलिस कमिश्नर संजय कुमार इस पूरे सर्च ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अंश को ढूंढने के लिए पुलिस की 10 अलग-अलग टीमें लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं। इसके साथ ही क्राइम ब्रांच को भी इस विशेष सर्च ऑपरेशन में शामिल किया गया है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
जांच टीमें रॉयल मार्केट और उसके आसपास के सभी प्रमुख चौराहों, दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि अंश के बारे में कोई भी सुराग हाथ लग सके। इसके अलावा, शहर के प्रमुख चौराहों पर अंश की तस्वीरों वाले बैनर-पोस्टर लगाए गए हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से भी जनता से अपील की जा रही है।
सूचना देने वाले को मिलेगा ₹10,000 का इनाम
पुलिस ने इस मामले में आम जनता से भी सहयोग की गुहार लगाई है। प्रशासन की ओर से घोषणा की गई है कि जो भी व्यक्ति मासूम अंश के संबंध में कोई भी सही या पुख्ता जानकारी देगा, उसे 10 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि यदि आपको इस बच्चे (अंश) के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या कंट्रोल रूम को सूचित करें। आपकी एक छोटी सी सजगता एक मां को उसका बच्चा वापस दिला सकती है।

