नोएडा। सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा (Supernova) बिल्डिंग में शनिवार को एक युवक ने 43वीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान मानेसर निवासी 29 वर्षीय संभव जैन के रूप में हुई है। हादसे से पहले वह बालकनी की रेलिंग से लटका हुआ था और आसपास मौजूद लोग उसे लगातार समझाकर पीछे हटने के लिए कह रहे थे। लेकिन कुछ ही देर बाद उसने हाथ छोड़ दिया और नीचे गिर गया।

बताया जा रहा है कि संभव शुक्रवार को सुपरनोवा के एस्पायर टावर में एक फ्लैट में सिर्फ एक दिन के लिए ठहरने आया था। शनिवार दोपहर उसे कमरे से चेक-आउट करना था। इसी दौरान उसने यह कदम उठा लिया। ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव की स्थिति बेहद क्षत-विक्षत बताई जा रही है।

घटना से ठीक पहले वहां मौजूद कुछ लोगों और एसी रिपेयर करने वाले मैकेनिकों ने संभव को बालकनी की रेलिंग के बाहर लटका देखा। उन्होंने उसे काफी देर तक समझाने की कोशिश की। वायरल वीडियो में भी लोग युवक से पीछे हटने और अंदर आने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, समझाने के दौरान युवक ने कहा था, “नहीं गिर रहा सर…” लेकिन इसके कुछ ही क्षण बाद उसने हाथ छोड़ दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में युवक के मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानियों से जूझने की बात सामने आने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि कदम उठाने से पहले उसने अपने पिता को एक भावुक संदेश भी भेजा था। हालांकि आत्महत्या की वास्तविक वजह को लेकर पुलिस अभी जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही सेक्टर-126 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। फ्लैट की बुकिंग, युवक के वहां पहुंचने से लेकर घटना से पहले के घटनाक्रम और उसके मोबाइल फोन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m