चंडीगढ़। हरियाणा में नगर निकाय चुनाव और पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव के लिए आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य चुनाव आयोग (SEC) द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 25 अप्रैल तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।
चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार 7 नगर निकायों के आम चुनाव और 528 पंचायती राज पदों पर उपचुनाव कराए जाएंगे। इनमें जिला परिषद, ब्लॉक समिति, सरपंच और पंच पद शामिल हैं।
मतदान और परिणाम की तारीखें:
मतदान: 10 मई
परिणाम: 13 मई
इन चुनावों में सोनीपत, पंचकूला, अंबाला नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद, उकलाना, धारूहेड़ा और सांपला नगर पालिका शामिल हैं।
इसके अलावा पानीपत और करनाल जिला परिषद के एक-एक वार्ड, 12 ब्लॉक समिति सदस्य, 29 सरपंच और 485 पंच पदों के लिए भी मतदान 10 मई को ही होगा और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
नामांकन और अन्य प्रक्रिया:
नामांकन की अंतिम तिथि: 25 अप्रैल
नाम वापसी की तिथि: 27 अप्रैल
चुनाव आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

