रेणु अग्रवाल, धार। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के आगमन पर स्वागत के नाम पूरे सिस्टम की धज्जियां उड़ा कर रख दी गई। प्रदेश अध्यक्ष का काफिला रात 8:15 बजे के करीब शहर में दाखिल हुआ। टीवीएस चौराहे से भाजपा जिला कार्यालय तक करीब 500 मीटर की सड़क को कब्जे में ले लिया गया। सड़क पर 12 मंच तान दिए गए। अस्पताल क्षेत्र के पास ही तेज आवाज में डीजे बजाया गया। नियमों की खुलेआम अनदेखी देखी गई। इस पूरे शो के बीच सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। आपात सेवाएं प्रभावित हुई। वहीं मंच पर भेंट की गई तलवार को BJYM प्रदेश अध्यक्ष लहराते हुए दिखाई दिए।
सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर धार पहुंचे थे। जहां युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। श्याम टेलर ने केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर के साथ भोजशाला में मां वाग्देवी के दर्शन किए और हनुमान चालीसा हवन पूजन में सम्मिलित हुए। इस दौरान भाजपा के कार्यकर्ता भगवा साफे में नजर आए।

मीडिया से चर्चा के दौरान श्याम टेलर ने कहा कि मुझे भोजशाला आने का अवसर मिला और सौभाग्य प्राप्त हुआ है। अद्भुत ऊर्जा, ज्ञान और शक्ति का केंद्र हुआ करता था। जैसे कि पहले भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने भी इस विषय पर संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी इसे सरस्वती लोक के रूप में विकसित करने की घोषणा की है। निश्चित रूप से आने वाला समय भी देश और समाज को दिशा देने का काम भोजशाला करेगा।

स्वागत कार्यक्रम में नियमों का उल्लंघन पर कही ये बात
संगठन में चयन को लेकर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक दल है। बीजेपी में विभिन्न पैरामीटर पर कार्यकर्ताओं का चयन किया जाता है। वहीं अगवानी के दौरान नियमों का उल्लंघन वाले सवाल पर उन्होंने कहा कि परिवार का कोई सदस्य आता है तो उसका प्रेम पूर्वक अभिनंदन किया ही जाता है और हॉस्पिटल एरिया या कोई ऐसा विषय है, तो मेरे संज्ञान में यह मामला नहीं है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को निश्चित रूप से इस विषय में हिदायत दी जाएगी।

