Lifestyle Desk – गर्मियों के मौसम में खीरा हर घर की थाली का अहम हिस्सा बन जाता है. यह न सिर्फ शरीर को ठंडक देता है बल्कि हाइड्रेशन बनाए रखने, पाचन सुधारने और त्वचा को स्वस्थ रखने में भी मदद करता है. लेकिन कई बार बाजार से खरीदे गए खीरे कड़वे निकल आते हैं, जिससे खाने का पूरा मज़ा खराब हो जाता है. ऐसे में अगर आप बिना काटे या चखे ही खीरे की कड़वाहट पहचान सकें, तो यह आपके लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है. आइए जानते हैं कैसे.

क्यों होते है खीरे में कड़वापन?

दरअसल, खीरे के कड़वे होने की मुख्य वजह उसमें मौजूद ‘कुकुर्बिटासिन’ नामक तत्व होता है. यह तत्व प्राकृतिक रूप से कुछ खीरों में अधिक मात्रा में बन जाता है, खासकर जब उनकी खेती के दौरान पानी, तापमान या मिट्टी की स्थिति संतुलित न हो. हालांकि, कुछ आसान संकेतों की मदद से आप कड़वे खीरे को पहले ही पहचान सकते हैं.

रंग और बनावट देखें

सबसे पहला तरीका है खीरे के रंग और बनावट पर ध्यान देना. ताजा और अच्छा खीरा आमतौर पर गहरे हरे रंग का और हल्का चमकदार होता है. अगर खीरे का रंग पीला पड़ रहा हो या उस पर धब्बे दिखाई दें, तो यह संकेत हो सकता है कि खीरा खराब या कड़वा हो सकता है.

खीरे का आकार देखें

दूसरा महत्वपूर्ण संकेत है खीरे का आकार. बहुत ज्यादा मोटे और अनियमित आकार वाले खीरे अक्सर स्वाद में अच्छे नहीं होते. हमेशा मध्यम आकार के, सीधे और सख्त खीरे ही खरीदें. अगर खीरा दबाने पर नरम लगे, तो उसे लेने से बचें क्योंकि ऐसे खीरे अंदर से खराब या कड़वे हो सकते हैं.

खीरे के सिरे को देखें

खीरे के सिरों (ends) को देखकर भी आप काफी हद तक अंदाजा लगा सकते हैं. जिन खीरों का ऊपरी हिस्सा (डंठल वाला हिस्सा) ज्यादा सूखा या सिकुड़ा हुआ हो, वे अक्सर कड़वे निकलते हैं. इसके अलावा, अगर खीरे का एक सिरा दूसरे की तुलना में ज्यादा पतला या अजीब आकार का है, तो भी उसे न खरीदना ही बेहतर है.

छिलके से समझें

एक और आसान तरीका है खीरे की त्वचा (छिलके) को हल्का सा रगड़कर देखना. अगर छिलका बहुत ज्यादा खुरदुरा या असामान्य रूप से सख्त लगे, तो यह गुणवत्ता के खराब होने का संकेत हो सकता है.

अगर खीरा कड़वा निकले तो क्या करें

अगर फिर भी खीरा कड़वा निकल जाए, तो उसे खाने से पहले कुछ उपाय अपनाए जा सकते हैं. जैसे कि खीरे के दोनों सिरों को काटकर उन हिस्सों को आपस में रगड़ना. इससे निकलने वाला झाग कड़वाहट को कम करने में मदद करता है. इसके अलावा, खीरे को छीलकर या नमक लगाकर थोड़ी देर रखने से भी उसका स्वाद बेहतर किया जा सकता है.