Lifestyle Desk – घर में जब भी पनीर, शाही सब्जी, दाल मखनी या नॉनवेज डिश बनती है, तो उसके साथ बटर नान खाने का मन जरूर करता है. रेस्टोरेंट में मिलने वाली मुलायम, फूली-फूली और मक्खन से लबालब नान का स्वाद हर किसी को पसंद आता है. हालांकि, कई लोगों को लगता है कि बिना तंदूर के घर पर वैसी नान बनाना मुश्किल है. यही वजह है कि ज्यादातर लोग बाहर से नान मंगवाना पसंद करते हैं.

लेकिन अगर सही तरीका अपनाया जाए, तो तवे पर भी रेस्टोरेंट जैसी सॉफ्ट और स्वादिष्ट बटर नान आसानी से तैयार की जा सकती है. इसके लिए न तंदूर की जरूरत है और न ही किसी खास उपकरण की. कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप घर पर ही परफेक्ट बटर नान बना सकती हैं. आइए जानते हैं बटर नान बनाने का तरीका.

सामग्री

मैदा-2 कप
दही-2 बड़े चम्मच
चीनी-1 छोटा चम्मच
बेकिंग पाउडर-½ छोटा चम्मच
बेकिंग सोडा-¼ छोटा चम्मच
तेल या घी-1 बड़ा चम्मच
नमक-स्वादानुसार
गुनगुना पानी
ऊपर से लगाने के लिए मक्खन
बारीक कटा हरा धनिया और कलौंजी

आटा गूंथने का सही तरीका

एक बड़े बर्तन में मैदा, नमक, चीनी, बेकिंग पाउडर और बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें दही और तेल डालें. इसके बाद गुनगुने पानी की मदद से मुलायम आटा गूंथ लें. नान को सॉफ्ट बनाने का सबसे बड़ा राज यही है कि आटा न ज्यादा सख्त हो और न बहुत ढीला. आटा तैयार होने के बाद उसे हल्का-सा तेल लगाकर ढक दें और कम से कम 1 से 2 घंटे के लिए रख दें. अगर समय हो तो 3 से 4 घंटे का रेस्ट और भी बेहतर रहता है. इससे आटा अच्छी तरह फूल जाता है और नान ज्यादा मुलायम बनती है.

तवे पर ऐसे बनाएं रेस्टोरेंट जैसी नान

आटे की लोई बनाकर हल्के हाथों से अंडाकार या गोल आकार में बेल लें. चाहें तो ऊपर से कलौंजी और हरा धनिया लगाकर बेलन से हल्का दबा दें. अब नान के एक तरफ थोड़ा-सा पानी लगाएं और पानी वाली सतह को गर्म तवे पर चिपका दें. कुछ ही सेकंड में नान पर बड़े-बड़े बुलबुले बनने लगेंगे. इसके बाद तवे को उल्टा करके सीधी आंच पर रखें, ताकि नान ऊपर से भी अच्छी तरह सिक जाए. यही ट्रिक नान को तंदूरी फ्लेवर देने में मदद करती है. जब नान पूरी तरह सिक जाए, तो उसे तवे से निकालकर तुरंत ऊपर से मक्खन लगाएं. चाहें तो थोड़ा-सा चाट मसाला या बारीक कटा धनिया भी छिड़क सकते हैं.

परफेक्ट बटर नान के लिए अपनाएं ये टिप्स

अगर नान को ज्यादा मुलायम बनाना चाहती हैं, तो आटे में थोड़ा-सा दूध भी मिला सकती हैं. तवा हमेशा मोटे तले वाला इस्तेमाल करें, ताकि नान समान रूप से सिके. नॉन-स्टिक तवे की बजाय लोहे का तवा बेहतर माना जाता है, क्योंकि पानी लगाकर नान उस पर आसानी से चिपक जाती है.

किन चीजों के साथ करें सर्व?

गरमा-गरम बटर नान का स्वाद शाही पनीर, कढ़ाई पनीर, दाल मखनी, पालक पनीर, चिकन करी, मटन मसाला या किसी भी ग्रेवी वाली सब्जी के साथ और भी बढ़ जाता है. ऊपर से मक्खन लगाकर और ताजी हरी चटनी या सलाद के साथ परोसने पर इसका स्वाद बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा महसूस होता है.