सोनू वर्मा, नूंह। सड़क सुरक्षा को लेकर एआरटीआई कार्यालय की ओर से एक सराहनीय पहल करते हुए सड़क पर कार्य करने वाले मजदूरों और कर्मचारियों को रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित की गईं। यह अभियान भारत भूषण और मनीष सहगल की अगुवाई में चलाया गया, जिसका उद्देश्य सड़क किनारे काम करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण, मरम्मत और सफाई कार्य में लगे मजदूर दिन-रात व्यस्त रहते हैं। खासकर रात के समय या धुंध के दौरान वाहन चालकों को ये कर्मचारी आसानी से दिखाई नहीं देते, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। रिफ्लेक्टर जैकेट पहनने से दूर से ही उनकी मौजूदगी दिखाई देती है और दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है।
इस मौके पर कर्मचारियों और मजदूरों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। उन्हें बताया गया कि काम के दौरान हमेशा सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर काम करने वाले कर्मियों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता है और इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
मजदूरों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रिफ्लेक्टर जैकेट उनके लिए काफी उपयोगी साबित होंगी। अभियान के दौरान कई कर्मचारियों को मौके पर ही जैकेट पहनाकर सुरक्षा का संदेश दिया गया।

