नितिन नामदेव, रायपुर। देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट को लेकर एनएसयूआई ने आज रायपुर में केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। शहर में एनएसयूआई नेता महताब हुसैन के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आम जनता के बीच पहुंचकर मेलोडी चॉकलेट बांटी। इस दौरान जनता से देश की बिगड़ती स्थिति को लेकर सवाल पूछते हुए कहा गया, “मेलोडी खाओ, खुद जान जाओ।” इस प्रदर्शन में रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय भी शामिल हुए।

विकास उपाध्याय ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और प्रधानमंत्री मोदी के बीच सोशल मीडिया पर चल रहे ‘मेलोडी’ ट्रेंड की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और असंवेदनशील है कि जब देश का आम नागरिक दाल, तेल, दूध, रसोई गैस और सब्जियों की आसमान छूती कीमतों से परेशान है, तब हमारे प्रधानमंत्री विदेशी दौरों और सोशल मीडिया मीम्स के जरिए देश की गंभीर स्थिति का उपहास उड़ा रहे हैं। देश को एक गंभीर नेतृत्व की जरूरत है, न कि रील बनाने वाले प्रधानमंत्री की।
NEET पेपर लीक को लेकर भी साधा निशाना
साथ ही कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने NEET पेपर लीक का मुद्दा उठाकर केंद्र सरकार को घेरा। कार्यक्रम में उपस्थित विकास उपाध्याय ने प्रधानमंत्री की गैरजिम्मेदाराना कार्यशैली पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि इस प्रकार का कृत्य “केंद्र सरकार के अहंकार और असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा है। प्रधानमंत्री मोदी देश की पीड़ित जनता से हर संकट में ‘सहयोग’ करने, त्याग करने और आत्मनिर्भर बनने की अपील करते हैं, लेकिन खुद करोड़ों रुपये के सरकारी खर्च पर विदेशों में पीआर (जनसंपर्क) इवेंट्स और मौज-मस्ती में मशगूल हैं। संकट के समय देश को नेतृत्व की जरूरत होती है, विदेश दौरों के तमाशे की नहीं।”
उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार दोहरा मापदंड अपनाते हुए एक तरफ आम जनता पर टैक्स का बोझ लादकर उन्हें ‘सहयोग’ के नाम पर चुप रहने को कहती है, तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री खुद भव्य विदेशी दौरों और आयोजनों में व्यस्त रहते हैं। एक तरफ देश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, किसान अपनी फसलों के दाम के लिए परेशान है और गृहिणियां रसोई चलाने को मोहताज हैं। ऐसे समय में प्रधानमंत्री का देश में रहकर संकट प्रबंधन करने के बजाय विदेश में समय बिताना देश की जनता के साथ विश्वासघात है।
सरकार की दोहरे चरित्र के खिलाफ सड़क से लेकर संसद करेंगे आवाज बुलंद – उपाध्याय
विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि प्रधानमंत्री मोदी तुरंत इन गैर-जरूरी विदेशी दौरों और दिखावे को बंद करें। वे देश वापस आएं और जनता को बताएं कि देश के इस आर्थिक संकट को दूर करने के लिए उनके पास क्या ठोस योजना है। कांग्रेस देश की जनता को इस संकट की घड़ी में अकेला नहीं छोड़ेगी। हम सरकार के इस दोहरे चरित्र और असंवेदनशीलता के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक आवाज बुलंद करते रहेंगे।
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से एनएसयूआई प्रदेश सचिव महताब हुसैन सहित जिला उपाध्यक्ष वैभव मुजेवार, लक्की साहू, सौरभ नाग, विनायक तिवारी, उत्कर्ष, अंशु गिलहरे, आर्यन गिलहरे, स्किल जिला अध्यक्ष शेख इमरान, यशिन मेनन, हिमेश वर्मा, शुभम पटले, राहुल यादव, पीयूष रावते, अयन कोशारे, फिदा हुसैन, सलाम राजा और डैमन सिंह उपस्थित रहे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

