नूंह, 21 अगस्त। नूंह शहर में अधिवक्ता के घर से करीब 20 लाख रुपये की नकदी और जेवरात चोरी होने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का पर्दाफाश किया है। जांच के दौरान पुलिस राजस्थान तक पहुंची और एक आरोपी को अलवर जिले से पकड़ा। आरोपियों के पास से अब तक 11 लाख 8 हजार 500 रुपये नकद, चोरी के पैसों से बनवाई गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों और चोरी की शेष रकम का पता लगाने में जुटी है।

मामला 6 अगस्त की रात का है। नूंह के वार्ड नंबर-10, आर्य समाज मंदिर के पास रहने वाले अधिवक्ता पंकज गुप्ता के मकान को चोरों ने निशाना बनाया था। ताला तोड़कर घर में घुसे बदमाश अलमारी में रखी करीब 20 लाख रुपये की नकदी के अलावा सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे। शिकायत मिलने के बाद शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

वारदात का सुराग लगाने के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की। साइबर सेल की तकनीकी मदद ली गई और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में तीन युवक मोटरसाइकिल से आते दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने 14 अगस्त को अलवर जिले के बैरावास निवासी उमरदीन उर्फ कुक्कल को गिरफ्तार किया। उसकी पूछताछ और निशानदेही के बाद 15 अगस्त को सामोला निवासी अब्दुल्ला उर्फ अजरुद्दीन तथा 16 अगस्त को शाहपुर नंगली निवासी मुस्तकीम को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की रकम बरामद की गई। उमरदीन के कब्जे से 6 लाख 30 हजार रुपये, अब्दुल्ला के घर से 4 लाख रुपये और चोरी के पैसों से बनवाई गई सोने की चेन, जबकि मुस्तकीम से 78,500 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान 20 से अधिक चोरी की वारदातों से जुड़े कनेक्शन सामने आने की दिशा में जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन वारदातों में आरोपियों के साथ और कौन लोग शामिल रहे हैं तथा चोरी का बाकी सामान और रकम कहां छिपाई गई है।

थाना शहर नूंह प्रभारी कुलदीप सिंह के अनुसार, मामले में जांच अभी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी की कार्रवाई के आधार पर पुलिस आगे की कड़ियां जोड़ रही है।