नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में अवैध तरीके से पनीर तैयार करने वाली डेयरियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने जिले में चार डेयरियों पर छापेमारी कर करीब 7,500 किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर बरामद किया। कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध रूप से पनीर बनाने वाले संचालकों में हड़कंप मच गया।

देर रात चार जगहों पर पहुंची टीम

अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई गुरुवार रात की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग, प्रशासन, पुलिस, तहसील और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने चार डेयरियों पर एक साथ दबिश दी। टीम ने यूसुफ डेरी, खालिद-इसराइल डेरी, पंडित डेरी और सद्दाम डेरी की जांच की। यहां तैयार करके रखा गया बड़ी मात्रा में पनीर मिला, जिसे टीम ने जब्त कर लिया।

नूंह में पनीर बनाने पर लगा है एक साल का प्रतिबंध

प्रशासन के अनुसार नूंह क्षेत्र में पनीर के निर्माण पर सरकार ने पिछले महीने एक साल के लिए प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद जिले में बड़ी संख्या में अवैध पनीर बनाने वाली इकाइयां चलने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में तीन दर्जन से अधिक ऐसी इकाइयां संचालित हो रही हैं।

कार्रवाई के बाद कई संचालक हुए फरार

प्रशासन की कार्रवाई की खबर फैलते ही कई डेयरी संचालक अपनी इकाइयां बंद कर वहां से चले गए। अधिकारियों के अनुसार, दंडात्मक कार्रवाई के डर से कुछ संचालकों ने अपना काम रोक दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध डेयरियां चलाने वालों में चिंता बढ़ गई है।

कई विभागों की टीम ने मिलकर की जांच

छापेमारी में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास जागलान, एसडीएम अमित कुमार, सदर थाना प्रभारी नरेश कुमार, तहसीलदार संजीव नागर और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी शामिल रहे। संयुक्त टीम ने डेयरियों में पनीर के उत्पादन और वहां मौजूद सामग्री की जांच की और बड़ी मात्रा में तैयार पनीर जब्त किया।

प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि प्रतिबंध के बावजूद पनीर का अवैध उत्पादन करने वाली इकाइयों पर निगरानी और कार्रवाई का सिलसिला जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m