नूंह। हरियाणा के नूंह में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और पूर्व चेयरमैन जाहिद हुसैन को कथित तौर पर गैंग के नाम पर धमकी देकर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई और गौदारा गैंग से जुड़ा बताया और रकम नहीं देने पर जाहिद हुसैन और उनके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जाहिद हुसैन के अनुसार, 27 सितंबर की रात करीब 8:18 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। शिकायत में उन्होंने बताया कि कॉल करने वाले ने अपना परिचय गौदारा गैंग और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य के तौर पर दिया। इसके बाद उनसे कहा गया कि यदि वह अपनी और अपने बच्चों की जान सुरक्षित रखना चाहते हैं तो दो दिन के भीतर 5 करोड़ रुपये का इंतजाम कर दें।
शिकायत के मुताबिक, फोन करने वाले ने जाहिद हुसैन से यह भी कहा कि उसके पास उनकी पूरी जानकारी है। इसी दौरान कॉल करने वाले ने कथित तौर पर बताया कि उसका बॉस उनसे बात करना चाहता है। बातचीत के दौरान जाहिद हुसैन ने धमकी से डरने से इनकार किया, जिसके बाद फोन काट दिया गया।
कुछ मिनट बाद उसी नंबर से दोबारा कॉल आने की बात शिकायत में कही गई है। जाहिद हुसैन के मुताबिक, दूसरी कॉल रात करीब 8:23 बजे आई। इस दौरान उनसे दो टूक जवाब मांगा गया कि रकम देंगे या नहीं। कथित तौर पर पैसे नहीं देने की स्थिति में गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई।
घटना के बाद जाहिद हुसैन ने नूंह के पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन को लिखित शिकायत देकर अपने और परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने शिकायत में धमकी देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जाहिद हुसैन का कहना है कि वह BJP के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं और नूंह के गांव बाई, हालाबाद, गऊशाला रोड क्षेत्र के निवासी हैं। उन्होंने कहा कि गैंग के नाम पर मिली धमकी के बावजूद वह डरने वाले नहीं हैं, लेकिन परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस से उचित कार्रवाई की अपेक्षा है।
फिलहाल नूंह पुलिस उस मोबाइल नंबर की जांच कर रही है, जिससे कथित तौर पर धमकी भरा फोन आया था। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कॉल करने वाले वास्तव में किसी गैंग से जुड़े थे या गैंग के नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी मांगने की कोशिश की गई।
- श्राद्ध पक्ष में इन 5 चीजों को नहीं करना चाहिए, नहीं तो पितृ होते हैं नाराज…
- मोगा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 किलो हेरोइन के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार; बिना नंबर की स्विफ्ट कार बरामद
- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए रायपुर में ट्रायल शुरू, 6 टीमों के लिए 108 खिलाड़ियों का होगा चयन
- फर्जी IAS तृप्ति सिंह का मामलाः टीआई के भाई पर भी दर्ज हुआ केस, कॉल डिटेल से हुआ बड़ा खुलासा
- यूपी में सियासी घमासान: कई शहरों में जारी कांग्रेस के प्रदर्शन को BJP ने बताया मुद्दाविहीन, कहा- ‘मुद्दे खत्म ड्रामा बाकी’


