नूंह में लाखों श्रद्धालुओं ने पांडवकालीन शिव मंदिरों में किया जलाभिषेक, हर चौक पर सुरक्षा तो हर मोड़ पर स्वागत से गूंजा मेवात
Brajmandal Jalabhishek Yatra : नूंह, सोनू वर्मा। सावन के पहले सोमवार को नूंह जिले में निकली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा ने आस्था, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द की नई मिसाल पेश की। ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने नूंह के नल्हड़ेश्वर महादेव मंदिर, फिरोजपुर झिरका के झिरकेश्वर महादेव मंदिर और सिंगार गांव स्थित श्रृंगेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

यात्रा में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्णलाल मिड्ढा, खेल मंत्री गौरव गौतम, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, पूर्व खेल मंत्री कुंवर संजय सिंह, 12-52 पाल के चौधरी अरुण जैलदार, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और संत-महात्मा शामिल हुए।
2023 की कड़वी यादों के बाद भाईचारे की नई मिसाल
31 जुलाई 2023 को इसी यात्रा के दौरान हुई हिंसा के कारण नूंह पूरे देश में चर्चा का विषय बना था। लेकिन इस बार जिला प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयासों ने पूरी तस्वीर बदल दी। यात्रा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। जगह-जगह मुस्लिम समाज के लोगों ने आगे बढ़कर श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं, शीतल पेय और जलपान के साथ स्वागत किया। इससे नूंह की गंगा-जमुनी तहजीब की एक सकारात्मक तस्वीर सामने आई।

रोजका मेव, रेवासन टोल, घासेड़ा, फिरोजपुर नमक, गांधी पार्क, तावडू रोड, जोगीपुर मोड़, मरोड़ा और मालब सहित अनेक स्थानों पर दोनों समुदायों के लोगों ने मिलकर यात्रियों की सेवा की और भाईचारे का संदेश दिया।
महिलाओं और युवाओं का दिखा उत्साह
इस बार यात्रा में महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। बड़ी संख्या में महिलाएं बसों में भजन-कीर्तन करते हुए नल्हड़ महादेव मंदिर पहुंचीं और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, बसों, मोटरसाइकिलों और अन्य वाहनों के काफिलों के साथ हजारों श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं की हुई सराहना
श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं की खुलकर प्रशंसा की। यात्रा मार्ग पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, प्रभावी यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाएं और मंदिर परिसर में जलाभिषेक, प्रसाद एवं जलपान की बेहतर व्यवस्था ने श्रद्धालुओं का विश्वास और मजबूत किया। फरीदाबाद से आए श्रद्धालुओं ने कहा कि इस बार की व्यवस्थाएं बेहद सुव्यवस्थित और संतोषजनक रहीं।
जाम से बचाने के लिए बाजार रहा बंद
यात्रा को सुचारु रूप से संपन्न कराने और श्रद्धालुओं को जाम से बचाने के लिए नूंह शहर के व्यापारियों ने स्वेच्छा से मुख्य बाजार और राष्ट्रीय राजमार्ग-248ए के किनारे स्थित अपनी दुकानें पूरे दिन बंद रखीं। इससे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन को काफी सहूलियत मिली।

योगी आदित्यनाथ के हमशक्ल बने आकर्षण का केंद्र
यात्रा के दौरान राजस्थान के मिलकपुर निवासी बिल्लू गुर्जर भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बने रहे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलती-जुलती उनकी शक्ल के कारण श्रद्धालु उनके साथ सेल्फी लेने के लिए उत्साहित नजर आए।
यात्रा समिति के अध्यक्ष नत्थूराम गुर्जर, संयोजक नरेंद्र शर्मा, सह संयोजक बिहारी देशवाल और नल्हड़ मंदिर समिति के अध्यक्ष सरदार जी.एस. मलिक ने कहा कि इस बार यात्रा को लेकर लोगों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। गांव-गांव जाकर दिए गए निमंत्रण का व्यापक असर दिखा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यात्रा में भाग लेकर इसे ऐतिहासिक बना दिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


