सोनू वर्मा, नूंह। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद अस्पताल परिसर तक पहुंच गया। देखते ही देखते अस्पताल रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और करीब 40 से 45 लोगों ने अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों व कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हमले में चार कर्मचारी घायल हो गए, जबकि अस्पताल की संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, किसी झगड़े में घायल हुए कुछ लोग इलाज कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। उनके पहुंचने के कुछ समय बाद दूसरा पक्ष भी अस्पताल में आ गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। अस्पताल में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उन पर ही हमला बोल दिया।
हमले में राजेश पुत्र सतलाल (सफाई कर्मचारी), धीरज पुत्र जीतराम (सिक्योरिटी गार्ड), तारीफ पुत्र जमील (यूपीएचसी गार्ड) तथा पुष्पराज पुत्र रणवीर (सिक्योरिटी गार्ड) घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर तीन गाड़ियों में सवार होकर आए थे और उनके हाथों में लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड थीं।

हमलावरों ने अस्पताल के कमरों में तोड़फोड़ भी की। कई खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए गए तथा चिकित्सा कार्य में इस्तेमाल होने वाले मॉनिटर समेत अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचाया गया। घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई।
अस्पताल स्टाफ ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। डॉक्टरों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब 30 मिनट बाद मौके पर पहुंची। इसके बाद डॉक्टरों ने सिटी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार से संपर्क किया, जिसके बाद वह स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

अस्पताल के एसएमओ डॉ. कपिल देव ने कहा कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता और झगड़े की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने मांग की कि रात के समय अस्पताल परिसर में नियमित पुलिस गश्त होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे डॉक्टरों पर भी हमला कर सकते हैं।
वहीं सिटी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- अस्थाई-आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा की प्रांतीय बैठक: 20 जुलाई को होगी “न्याय दिलाओ सभा”, पूर्व सीएम समेत कई नेता होंगे शामिल
- रफ्तार ने लगाया जिंदगी पर ब्रेकः ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक के बीच भिड़ंत, जीजा-साले की मौके पर मौत, घटना देख दहल उठे लोग
- IND vs IRE 2nd T20I: आयरलैंड ने रचा इतिहास, पहली बार भारत को टी-20 सीरीज में हराया, 2-0 से किया क्लीन स्वीप
- पीएम मोदी के दौरे से पहले Pachpadra Refinery पहुंचें सीएम भजनलाल, तैयारियों का लिया जायजा
- पत्नी के अवैध संबंध के शक में अधेड़ की हत्या, जीजा-साले गिरफ्तार; कुएं में मिला था शव

