सोनू वर्मा नूंह। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दौड़ते वाहनों के बीच नशे का काला खेल सामने आया है। कलिंजर टोल प्लाजा के पास पुलिस ने कथित तौर पर ड्राइवरों तक चिट्टा पहुंचाने की फिराक में खड़े एक युवक को 4.38 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद हाईवे पर नशे की सप्लाई को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जयसिंहपुर चौकी इंचार्ज एएसआई सुबे सिंह अपनी टीम के साथ कलिंजर टोल प्लाजा एंट्री प्वाइंट के पास गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि वाजिद पुत्र इब्राहिम निवासी बदरपुर नशीला पदार्थ बेचने के धंधे में शामिल है और आज भी चिट्टा लेकर ग्राहक की तलाश में सड़क किनारे खड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने जाल बिछाया। मुखबिर की निशानदेही पर पुलिस मौके के करीब पहुंची तो एक संदिग्ध युवक खड़ा मिला। पहचान होते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के काले लोअर की जेब से पारदर्शी पन्नी बरामद हुई। पन्नी में हल्के गेहूंए रंग का पदार्थ मिला, जिसे पुलिस और ड्यूटी मजिस्ट्रेट के अनुभव के आधार पर चिट्टा/स्मैक बताया गया। डिजिटल कांटे पर पन्नी समेत इसका वजन 4.38 ग्राम निकला।

कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई और बरामद नशीले पदार्थ को सील कर कब्जे में लिया गया।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या एक्सप्रेसवे पर ट्रक और अन्य वाहन चालकों तक चिट्टा पहुंचाने का नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ उसे कहां से मिला और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई ने एक्सप्रेसवे के आसपास सक्रिय कथित नशा तस्करों में खलबली मचा दी है।

फोटो कैप्शन/ आरोपी को कोर्ट में पेश करने के ले जाती हुई पुलिस।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m