सोनू वर्मा, नूंह। नूंह जिला के तावडू क्षेत्र स्थित कलवाडी गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यती टेंपो सर्विस के बाहर खड़ी गाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज़ी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कई वाहन इसकी चपेट में आ गए और मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी ऊंची उठ रही थीं कि दूर-दूर तक धुआं दिखाई दे रहा था। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू पाना उनके लिए संभव नहीं हो पाया। हालात बिगड़ते देख तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना मोहम्मदपुर अहिर के एसएचओ कालाचंद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं पटौदी और तावडू से दमकल विभाग की दो गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया, लेकिन तब तक आग अपना विकराल रूप धारण कर चुकी थी।

इस हादसे में पांच गाड़ियां, एक टेंपो और एक जनरेटर पूरी तरह जलकर राख हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि फायर ब्रिगेड और पुलिस की तत्परता से चार अन्य गाड़ियों को समय रहते आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय कंपनी के मालिक विक्रम यादव मौके पर मौजूद नहीं थे। आग लगने के कारणों का फिलहाल कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण से आग लगी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
- रिहायशी इलाके में पटाखों का अवैध भंडारण, पुलिस ने छापेमारी कर 8.56 लाख के पटाखे किए जब्त, आरोपी गिरफ्तार
- पानीपत में बाइक को टक्कर के बाद फायरिंग, जान बचाने खेत में भागे चाचा-भतीजा
- डिप्टी CM जगदीश देवड़ा के OSD रहे अधिकारी पर गिरी गाज! 1 करोड़ रुपये रिश्वत के आरोपों में दीपम रायचुरा निलंबित
- UP Board Exam Date: यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का टाइमटेबल जारी! 5 फरवरी से इम्तिहान, चेक करें पूरा शेड्यूल
- नाइट ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे दिल्ली पुलिस के सिपाही की मौत

