सोनू वर्मा, नूंह। करीब नौ वर्ष पुराने बहुचर्चित अपहरण और फिरौती के मामले में नूंह की जिला एवं सत्र अदालत ने दो दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. सुशील कुमार गर्ग की अदालत ने रति राम निवासी पलड़ी और मुबारिक निवासी चाहल्का को 8 लाख रुपये की फिरौती के लिए कारोबारी के अपहरण का दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। अदालत ने 27 जुलाई को दोनों को दोषी करार दिया था, जबकि सोमवार को सजा पर अंतिम आदेश पारित किया।
अभियोजन के अनुसार, महाराष्ट्र के अहमदनगर निवासी व्यवसायी संजय भगचंद असावा को इंडियामार्ट के माध्यम से व्यापारिक सौदे का झांसा देकर हरियाणा बुलाया गया। आरोपियों ने खुद को जंबो बैग का बड़ा कारोबारी बताकर संपर्क किया। तावडू क्षेत्र में पहुंचने पर व्यवसायी का अपहरण कर उसे एक फार्महाउस में बंधक बना लिया गया। आरोपियों ने उसके पास से नकदी, सोने की अंगूठी और मोबाइल फोन छीन लिया तथा जान से मारने की धमकी देकर उसके परिजनों से 8 लाख रुपये की फिरौती वसूलने के बाद उसे छोड़ दिया।
सजा पर सुनवाई के दौरान दोनों दोषियों ने अदालत से नरमी बरतने की अपील की। उन्होंने परिवार, छोटे बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता की जिम्मेदारी का हवाला देते हुए स्वयं को गरीब बताया। बचाव पक्ष ने यह भी दलील दी कि दोनों पहले किसी आपराधिक मामले में दोषी नहीं रहे और करीब आठ वर्षों से मुकदमे का सामना कर रहे हैं।
हालांकि, लोक अभियोजक गौरव यादव ने अदालत से अपराध की गंभीरता को देखते हुए कड़ी सजा की मांग की। उन्होंने बताया कि अभियोजन पक्ष ने गवाहों के बयान, दस्तावेजी साक्ष्य और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मजबूत पैरवी की, जिसके चलते अदालत ने दोनों को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। उन्होंने कहा कि इस फैसले से फिरौती के लिए अपहरण जैसे गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और समाज में कानून के प्रति विश्वास मजबूत होगा।
अदालत ने दोनों दोषियों पर कुल 1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। साथ ही सभी सजाएं एक साथ (कन्करेंट) चलाने तथा ट्रायल के दौरान न्यायिक हिरासत में बिताई गई अवधि को सजा में समायोजित करने के निर्देश दिए। मामले का एक अन्य आरोपी असलम अभी भी फरार है और उसे पहले ही उद्घोषित अपराधी घोषित किया जा चुका है।
- जीवन सूक्त : संसार की असारता समझने के लिए भी, आवश्यक है एक संसार – संदीप अखिल
- Bihar Morning News: भाजपा का सहयोग कार्यक्रम, जदयू कार्यलय में जनसुनवाई, जन सुराज की PC
- एमपी में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी: 23 IAS अफसरों के तबादले, 11 जिलों के कलेक्टर बदले गए; इन पर गिरी गाज!
- Navratri Day 4 : नवरात्रि का चौथा दिन आज, मां कूष्मांडा की पूजा से मिलती है सुख-समृद्धि और खुशहाली, जानें पूजा विधि और महत्व
- 14 October 2026 Rashifal : आश्विन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि आज, जानिए अपना राशिफल

