सोनू वर्मा , नूंह। नूंह में आगामी ईद-उल-अजहा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर जिलेभर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
320 मस्जिदों पर पुलिस तैनात
पुलिस प्रशासन के मुताबिक जिले की 320 से अधिक मस्जिदों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स और प्लाटून तैनात की गई हैं।करीब 650 पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, जबकि रिजर्व कंपनियों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
सोशल मीडिया पर साइबर टीम की पैनी नजर
नूंह की साइबर टीम Facebook, WhatsApp समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी कर रही है।एसपी डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि कुछ संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट चिन्हित किए गए हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
28 मई को विशेष सतर्कता
पुलिस प्रशासन ने 28 मई को बेहद संवेदनशील मानते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। विशेष ड्यूटी 30 मई तक जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है।

पड़ोसी राज्यों से भी समन्वय
नूंह पुलिस ने Mathura, Alwar, Khairthal-Tijara और Gurugram पुलिस के साथ भी समन्वय स्थापित किया है। इंटरस्टेट नाकों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ईद का त्योहार शांति, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

