नूंह जिले के पल्ला पहाड़ मार्ग पर सीआईए की संयुक्त टीम और वांछित अपराधी शाकिर के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने घायल शाकिर को नूंह मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
सोनू वर्मा, नूंह। जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत शनिवार देर रात सदर थाना क्षेत्र के पल्ला पहाड़ मार्ग पर पुलिस और एक वांछित गो-तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। सीआईए (CIA) नूंह और सीआईए पुन्हाना की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में 10 मुकदमों में वांछित आरोपी शाकिर पुत्र नवाबदीन, निवासी लुहिंगा कला, गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज, नलहड़ (नूंह) में भर्ती कराया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस टीम पर फायरिंग और जवाबी कार्रवाई
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सीआईए नूंह प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप मोर और सीआईए पुन्हाना प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीम वांछित अपराधियों की तलाश में थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी शाकिर मोटरसाइकिल पर सवार होकर तावडू की तरफ से नूंह की ओर आने वाला है। पुलिस ने अरावली हर्बल नर्सरी के सामने नाकाबंदी की, लेकिन आरोपी ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। पीछा करने के दौरान संतुलन बिगड़ने से शाकिर गिर पड़ा और उसने अवैध देशी कट्टे से पुलिस पार्टी पर सीधी फायरिंग कर दी। इंस्पेक्टर संदीप मोर बाल-बाल बचे, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के सीधे पैर में लगी और उसे काबू कर लिया गया।
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पकड़ा गया आरोपी शाकिर एक शातिर अपराधी है, जिस पर पुन्हाना, नूंह सदर और नगीना सहित विभिन्न थानों में गोकशी और अन्य संगीन अपराधों के करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में नूंह सदर थाना में नया मामला दर्ज कर लिया है और मौके से अवैध हथियार व मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

