सोनू वर्मा, नूंह। नूंह पुलिस द्वारा गोकशी और पशु तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुन्हाना और नूंह पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है । इस कार्रवाई के दौरान सात गोवंश तथा दो पिकअप वाहन बरामद किए हैं ।
नूंह पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक नूंह डॉ. अर्पित जैन के नेतृत्व में जिले में गोकशी और पशु तस्करी जैसे अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और किसी भी सूरत में अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पहली कार्रवाई में पुन्हाना सीआईए एवं पीओ स्टाफ तथा पुन्हाना सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव जाढोली क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी आरिफ पुत्र अमेले खान निवासी जाढोली थाना सदर पुनहाना जिला नूंह को गिरफ्तार किया ।
मौके से पांच गाय तथा बिना नंबर की एक पिकअप गाड़ी बरामद की गई। इस संबंध में थाना सदर पुन्हाना में हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है ।
वहीं दूसरी कार्रवाई में नूंह सदर थाना पुलिस ने आरोपी संजय कुमार पुत्र घूदाराम निवासी दारापुर थाना थानागाजी जिला अलवर राजस्थान को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो गाय तथा एक पिकअप वाहन बरामद किया है।
इस मामले में भी हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है । उन्होंने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और गोकशी जैसे अपराधों पर रोक लगाने के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार सक्रिय हैं तथा आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

