ट्रक की टक्कर से हुआ हादसा, चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार; पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर जांच शुरू की

Nuh Road Accident : नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में तावडू-नूंह रोड पर मारिया मंजिल स्कूल के पास देर रात करीब 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के पिता और तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, परिवार के पांच सदस्य बाइक पर सवार होकर अपने गांव पाड़ला जा रहे थे। जैसे ही वे मारिया मंजिल स्कूल के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार पिता और तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सिटी थाना नूंह प्रभारी अजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज नल्हड़ के शवगृह में रखवा दिया। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

सिटी थाना नूंह प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि एक महिला घायल है। उन्होंने कहा कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गांव पाड़ला में पसरा मातम

एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर से गांव पाड़ला में मातम पसरा हुआ है। देर रात हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार और ग्रामीणों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m