नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में घर से लापता हुए दो साल के बच्चे प्रिंस को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। अपहरण के आरोप में पुलिस ने बबलू और उसकी पत्नी राजकुमारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने निसंतानता से परेशान होकर बेटे की चाह में बच्चे के अपहरण की बात स्वीकार की। पुलिस ने 60 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने और तकनीकी जांच के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई।
बच्चा तावडू सदर थाना क्षेत्र के रंगाला गांव से लापता हुआ था। उसके पिता अमित कुमार ने 10 अक्टूबर को पुलिस को शिकायत दी थी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर बच्चे की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चे की तलाश के लिए चार टीमें बनाईं।
किराये पर रहने आए दंपति पर हुआ शक
पुलिस की जांच में पता चला कि कुछ दिन पहले अमित कुमार के मकान में एक दंपति किराये पर रहने आया था। घटना के बाद से दोनों गायब थे। पुलिस के मुताबिक, दंपति के पास पहचान से जुड़े दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे।
इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर बच्चे को ले जाता दिखाई दिया। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने 60 से ज्यादा कैमरों की फुटेज की जांच की और तकनीकी जानकारी के जरिए उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर पहुंची।
शाहजहांपुर में पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, टीम ने शाहजहांपुर के निगोही मोड़ पर संदिग्ध आरोपी बबलू को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि शादी के काफी समय बाद भी बच्चा नहीं होने के कारण वह परेशान था। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि परिजनों के तानों से परेशान होकर उसने बच्चे के अपहरण की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी 6 अक्टूबर को अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ कमरा देखने के बहाने रंगाला गांव आया था। बाद में वह पत्नी को रेवाड़ी जिले के बावल में छोड़कर वापस आया और वहां अकेले किराये पर रहने लगा।
बाइक से बच्चे को लेकर पहुंचा था बावल
पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर को आरोपी ने दो साल के प्रिंस का अपहरण किया। इसके बाद वह बच्चे को मोटरसाइकिल से बावल ले गया। वहां से पत्नी राजकुमारी को साथ लेकर अपने गांव पहुंच गया।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

