नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में सोमवार को एक युवक ने शादी की जिद में ऐसा कदम उठा लिया कि पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सदर थाना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव तिगरा में एक युवक अपनी नाबालिग ममेरी बहन से शादी कराने की जिद में करीब 90 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया।
जानकारी के अनुसार, तिगरा निवासी युवक केफ अपनी मामा की नाबालिग बेटी से शादी करना चाहता है। बताया जा रहा है कि युवक का मामा इस रिश्ते के लिए तैयार है, जबकि युवक के पिता शादी के पक्ष में नहीं हैं। परिवार में सहमति नहीं बनने के बाद युवक अपनी बात मनवाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
युवक को टावर पर चढ़ा देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने उसे समझाकर नीचे उतरने की काफी कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। सूचना मिलने पर सदर थाना फिरोजपुर झिरका पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और युवक से लगातार बातचीत शुरू की।
पांच घंटे तक चला समझाने का दौर
पुलिस ने युवक को समझाते हुए सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की। करीब पांच घंटे तक पुलिस और ग्रामीण युवक को समझाते रहे। काफी मशक्कत के बाद युवक टावर से सुरक्षित नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। पुलिस टीम ने उसे सकुशल नीचे उतार लिया।
सदर थाना फिरोजपुर झिरका प्रभारी एसएचओ सुभाष चंद्र ने बताया कि पुलिस की प्राथमिकता युवक को सुरक्षित नीचे उतारना था। पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही और करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
नाबालिग से शादी की बात पर पुलिस करेगी जांच
पुलिस के अनुसार, अब परिवार के सदस्यों से पूरे मामले की जानकारी ली जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। चूंकि मामले में नाबालिग लड़की से शादी की बात सामने आई है, इसलिए पुलिस पूरे मामले के कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाएगी कि नाबालिग से विवाह की कोशिश में परिवार के किन लोगों की भूमिका है और कानून के तहत उनके खिलाफ क्या कार्रवाई बनती है। फिलहाल युवक के टावर पर चढ़ने से गांव में कई घंटे तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
- डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने परिवार संग किए मां शारदा के दर्शन: पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
- सोनीपत में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला फूंका; महिलाओं के सम्मान का मुद्दा उठाया
- डीजल-पेट्रोल की दुकान में लगी आग से पिता- बेटी की मौत, दो का चल रहा ईलाज
- मातम में बदली नई जिंदगी की खुशियां: नवविवाहित जोड़े की संदिग्ध हालात में मौत, इलाके में फैली सनसनी
- ‘फाइलों में कैद नौनौहालों का हक…’ मदरसा बोर्ड ने उठाए गंभीर सवाल, कहा- ‘मिड-डे मील से अल्पसंख्यक बच्चे महरूम’

