प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी ने स्वामी विवेकानंद के पोस्टर पर कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में दो छात्राओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दोनों छात्राओं को संस्थान से निष्कासित कर दिया है। इसके साथ ही उनके भविष्य में यूनिवर्सिटी के किसी भी डिग्री कोर्स में दाखिला लेने पर भी रोक लगा दी गई है। हालांकि, प्रशासन ने दोनों छात्राओं की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

CCTV फुटेज की जांच के बाद यूनिवर्सिटी का बड़ा फैसला

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी प्रशासन ने परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा घटना से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की गई। जांच के बाद दोनों छात्राओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें यूनिवर्सिटी से निष्कासित करने का फैसला लिया गया। प्रशासन के इस फैसले के तहत अब दोनों छात्राएं भविष्य में प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी के किसी भी डिग्री प्रोग्राम में दाखिला नहीं ले सकेंगी।

ABVP ने दर्ज कराई पुलिस शिकायत, किया विरोध प्रदर्शन

यह पूरा मामला 13 अक्टूबर का बताया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद के पोस्टर पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने यूनिवर्सिटी परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। संगठन की ओर से इस मामले में पुलिस शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। ABVP ने कथित टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए संबंधित छात्राओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

SFI ने भी की टिप्पणियों की निंदा

इस मामले में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने भी कथित टिप्पणियों की निंदा की और धार्मिक भावनाओं के सम्मान पर जोर दिया। वहीं, प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वह अपने कैंपस में सम्मानजनक संवाद, आपसी सद्भाव और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। यूनिवर्सिटी की इस कार्रवाई के बाद परिसर में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धार्मिक संवेदनशीलता और छात्र अनुशासन को लेकर बहस तेज होने की संभावना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m