सुशीला देवी, गुडगांव। गुरुग्राम में महिला सुरक्षा को चुनौती देने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां ऑफिस जा रही महिला के साथ कैब चालक ने अश्लील हरकत कर दी।

हालांकि राहत की बात यह रही कि गुरुग्राम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली।
मामला 21 मई 2026 का है। पीड़ित महिला ने थाना सदर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने ऑफिस जाने के लिए रैपिडो कैब बुक की थी।
यात्रा के दौरान चालक ने महिला के साथ अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं और अभद्र इशारे किए। महिला ने विरोध करते हुए तुरंत गाड़ी रुकवाई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
शिकायत मिलते ही थाना सदर गुरुग्राम पुलिस हरकत में आई और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को भोंडसी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान 23 वर्षीय विजय कुमार निवासी गांव बनिहारी, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रैपिडो प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी निजी कार से सवारी ढोने का काम करता था। घटना वाले दिन उसने महिला को पिकअप किया और कुछ दूरी तय करने के बाद अश्लील हरकतें शुरू कर दीं।
गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है।
फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने महिलाओं से अपील की है
कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अभद्रता की सूचना तुरंत 112 नंबर या नजदीकी थाने में दें।

