अजयारविंद नामदेव, शहडोल। महंगा आईफोन हाथ में रखने की चाहत भला किसे नहीं होती, लेकिन जब यह चाहत अपराध की राह पकड़ ले तो अंजाम सलाखों के पीछे पहुंचने के रूप में सामने आता है। शहडोल में आईफोन की दीवानगी का ऐसा ही एक दिलचस्प लेकिन आपराधिक मामला सामने आया है, जहां दो युवकों ने एक व्यक्ति के हाथ में महंगा आईफोन देखकर उसे अपना निशाना बना लिया। पहले दोस्ती का दिखावा किया, फिर शराब पार्टी का लालच दिया और मौका मिलते ही आईफोन समेत नकदी लेकर चंपत हो गए। हालांकि, कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का मोबाइल और नकदी बरामद कर ली है।

मामले के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बेलगहना थाना क्षेत्र निवासी विकास नागपुर ट्रेन से शहडोल पहुंचे थे। यहां से उन्हें अपने घर बिलासपुर जाना था, इसके लिए वह शहडोल रेलवे स्टेशन पर हाथ में आईफोन लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान शहडोल निवासी विकास लोधी और उसका साथी राज जायसवाल सहित  सागर बर्मन वहां पहुंचे। बताया जाता है कि दोनों की नजर विकास नागपुर के महंगे आईफोन पर पड़ी तो उनकी नीयत बदल गई, इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर योजनाबद्ध तरीके से उन्हें अपने झांसे में लिया और शराब पार्टी का प्रलोभन देकर अपने साथ ले गए। 

शराब पार्टी के दौरान आरोपियों ने मौका पाकर पीड़ित का आईफोन और कुछ नकदी अपने कब्जे में ले ली और वहां से फरार हो गए। खुद को ठगा महसूस करने के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। 


शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और तीनों आरोपियों विकास लोधी तथा राज जायसवाल को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया आईफोन और नकदी बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कुल मिलाकर महंगे आईफोन का शौक तीन युवकों को इतना भारी पड़ा कि जिस मोबाइल को पाने के लिए उन्होंने अपराध का रास्ता चुना, उसी की वजह से उन्हें जेल की हवा खानी पड़ गई। 

वहीं इस मामले में कोतवाली प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया की छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रहने वाले विकास कोल नागपुर से शहडोल पहुंचे थे, रात में घर जाने का साधन नहीं मिलने के कारण वह रेलवे स्टेशन पर ही रुके हुए थे इसी दौरान तीन आरोपियों ने उन्हें बहला-फुसलाकर शराब पिलाई और रेलवे स्टेशन कॉलोनी के एक सुनसान स्थान पर ले जाकर उनके पास से आईफोन और 22 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए, पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी गया आईफोन और पूरी 22 हजार रुपये की राशि बरामद कर ली गई है। आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेजा गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m