हांसी। ओडिशा में नशीले पदार्थों के मामले में गिरफ्तार आरोपी की आत्महत्या के बाद हांसी CIA-1 के पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। आरोपी की निगरानी में लापरवाही सामने आने पर हांसी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने यह कार्रवाई की। निलंबित पुलिसकर्मियों में पीएसआई कपिल, एसआई सम्मत, पीएचसी जोगेंद्र, पीएचसी अल्ताफ और कांस्टेबल मुकेश शामिल हैं।
हांसी SP विनोद कुमार ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुकदमा नंबर 26 की जांच के दौरान नशीले पदार्थों के मुख्य सप्लायर की पहचान ओडिशा निवासी के रूप में हुई थी। उसे गिरफ्तार करने के लिए पीएसआई कपिल के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम ओडिशा भेजी गई थी।
टीम में एसआई सम्मत, पीएचसी जोगेंद्र, पीएचसी अल्ताफ और कांस्टेबल मुकेश भी शामिल थे। पुलिसकर्मी अपने वाहन से ओडिशा पहुंचे। जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद टीम ने आरोपी का ट्रांजिट रिमांड हासिल कर लिया।
थाने के बजाय ठहरने की जगह ले गई टीम
SP के मुताबिक, रात अधिक होने और इलाके में थाना दूर होने के कारण पुलिस टीम आरोपी को थाने ले जाने के बजाय एक ठहरने की जगह पर ले गई। इसी दौरान आरोपी बाथरूम जाने के बहाने अंदर गया और वहां फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद आरोपी की निगरानी में बरती गई लापरवाही को गंभीरता से लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की गाइडलाइंस के तहत आरोपी की सुरक्षा और निगरानी पुलिस की जिम्मेदारी थी।
निगरानी में लापरवाही पर पांच पुलिसकर्मी निलंबित
विनोद कुमार के अनुसार, ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद आरोपी को थाने में रखना जरूरी था। यदि किसी अन्य स्थान पर ठहराया जाता है, तो वहां भी उसकी उचित निगरानी सुनिश्चित करनी थी। इस जिम्मेदारी में लापरवाही पाए जाने पर टीम के पांचों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

