भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार ने डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी को देखते हुए राज्य में चलने वाली सभी श्रेणियों की बसों के किराए में बढ़ा दी है. राज्य परिवहन प्राधिकरण (STA) द्वारा 2 जून (मंगलवार) को जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, नई दरें टाउन बसों को छोड़कर राज्य के नियमित रूट पर चलने वाली सभी बसें पर तत्काल प्रभाव लागू कर दी गई हैं.

यह फैसला पिछले कुछ दिनों में डीजल की कीमतों में आए बड़े उछाल के बाद लिया गया है. गत 15 मई को राज्य में डीजल की कीमत 95.87 रुपये प्रति लीटर थी, जो 31 मई 2026 तक बढ़कर 100.68 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई. ईंधन के दामों में सीधे तौर पर 4.81 रुपये प्रति लीटर की इस वृद्धि के कारण बस ऑपरेटरों के लिए परिचालन लागत काफी बढ़ गई थी.
संशोधित किराए के तहत यात्रियों की जेब पर अब प्रति किलोमीटर के हिसाब से ऑर्डिनरी (साधारण) बसें अब 90 पैसे के बजाय 92 पैसे प्रति किमी, एक्सप्रेस बसें अब 94 पैसे के बजाय 96 पैसे प्रति किमी, डीलक्स बसें किराया 1.31 रुपये से बढ़ाकर 1.35 रुपये प्रति किमी किया गया, एसी डीलक्स बसें किराया 1.59 रुपये से बढ़कर अब 1.63 रुपये प्रति किमी होगा, सुपर डीलक्स बसें अब 2.47 रुपये के बजाय 2.53 रुपये प्रति किमी का शुल्क लेंगी.
परिवहन अधिकारियों का कहना है कि किराए में यह आंशिक संशोधन ईंधन की बढ़ती कीमतों को संतुलित करने और बस सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी था. हालांकि, इस फैसले से रोजाना सफर करने वाले आम यात्रियों के बजट पर सीधा असर पड़ना तय है.

