Odisha News : केसिंगा. ओडिशा के कालाहांडी जिले के केसिंगा शहर में एक व्यापारी के घर में हुई बड़ी चोरी के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. केसिंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर मंगलवार को अदालत में पेश किया. इस सफलता की जानकारी कालाहांडी के पुलिस अधीक्षक (SP) नागराज देवरकुंडा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी.

व्यापारी के घर से चुराए थे लाखों रुपये

केसिंगा शहर के वार्ड नंबर 3 निवासी और अंबाजी एजेंसी के मालिक पूनम चंद जैन के घर से बीते 21 जुलाई की रात चोरी की घटना हुई थी. उस समय व्यापारी का परिवार किसी काम से शहर से बाहर गया हुआ था. इसका फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य द्वार का ताला काटा और घर में घुसकर नकदी, सोने-चांदी के गहने और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए थे. चोरी की संपत्ति का शुरुआती आकलन लगभग 18 लाख रुपये लगाया गया था.

अगले दिन पड़ोसी द्वारा सूचना मिलने पर पूनम जैन ने घर लौटकर केसिंगा आदर्श थाने में एफआईआर दर्ज कराई. शिकायत मिलने पर पुलिस अधिकारियों, साइंटिफिक टीम और डॉग स्क्वॉड की टीम ने जांच शुरू की. छानबीन के दौरान स्निफर डॉग ने मकान से लेकर रेलवे स्टेशन तक का रास्ता दिखाया, जिससे पुलिस को संदेह हुआ कि आरोपी चोरी के बाद ट्रेन से फरार हुए थे.

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  • रवि शंकर महांडिया (33 वर्ष): आरके नगर, रायगड़ा
  • राहुल सामल (23 वर्ष): आरके नगर, रायगड़ा
  • पर्मि श्रीकांत (32 वर्ष): आरके नगर, रायगड़ा
  • तेजप नायक उर्फ अजीत (27 वर्ष): आरके नगर, रायगड़ा
  • हुईका दुतिया (29 वर्ष): कोटपेटा गांव, रायगड़ा
  • नरेश तांडी (27 वर्ष): वार्ड नंबर 3, केसिंगा (कालाहांडी)

पुलिस अधीक्षक नागराज देवरकुंडा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 72 ग्राम सोना, 1 किलोग्राम 138 ग्राम चांदी, 2,70,000 रुपये कैश जैसे कीमती सामान बरामद किया गया है.

आसपास के सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखकर पुलिस टीम ने इस गिरोह को दबोचने में सफलता पाई. प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ संदीप मांझी, केसिंगा थाना प्रभारी जितेंद्र बिस्वाल और अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H