भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी मंगलवार शाम को नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं. उनकी यह यात्रा बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसके जरिए ओडिशा राष्ट्रीय पटल पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है. दिल्ली में मुख्यमंत्री लगातार दो बड़े और उच्च स्तरीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.

बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भारत मंडपम में एनडीए (NDA) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ एक विशेष बैठक में शामिल होंगे. यह सम्मेलन केंद्र में मोदी सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित पीएम बनने के ऐतिहासिक पड़ाव के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है.
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया जाएगा और गठबंधन के भविष्य के रोडमैप व ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प पर रणनीति तैयार की जाएगी. गुरुवार को मुख्यमंत्री माझी नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल (NITI Aayog Governing Council) की बैठक में भाग लेंगे.
यह एक पूरे दिन चलने वाला सत्र होगा, जिसमें मुख्यमंत्री माझी ओडिशा के विकास से जुड़े प्रमुख मुद्दों, बुनियादी ढांचे और राज्य की प्राथमिकताओं पर अपनी बात रखेंगे. नीति आयोग की इस महत्वपूर्ण चर्चा के बाद, मुख्यमंत्री गुरुवार रात को ही वापस भुवनेश्वर लौट आएंगे.
बैक-टू-बैक होने वाली इन हाई-प्रोफाइल बैठकों से साफ है कि ओडिशा न केवल राष्ट्रीय नीतियों को आकार देने में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है, बल्कि एनडीए गठबंधन के भीतर भी अपनी आवाज को और मजबूत कर रहा है.

