भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का ‘सबसे लंबे समय तक लगातार चुने जाने वाले प्रधानमंत्री’ बनने पर बधाई दी। उन्होंने पीएम मोदी को ‘करोड़ों भारतीयों की आस्था, गौरव और उत्कर्ष का महान सारथी’ और आधुनिक भारत का अद्वितीय शिल्पकार करार दिया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट में, सीएम माझी ने “ओडिशा के चार करोड़ से अधिक भाई-बहनों की ओर से” प्रधानमंत्री को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
CM माझी ने अपने पोस्ट में लिखा, “देश के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने गए प्रधानमंत्री के रूप में इतिहास रचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई। यह उपलब्धि केवल एक नया रिकॉर्ड नहीं, बल्कि देशवासियों द्वारा उनके नेतृत्व में व्यक्त किए गए अटूट विश्वास, जनसमर्थन और भरोसे का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व दृढ़ संकल्प, दूरदर्शी सोच और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है। उनके मार्गदर्शन में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। साथ ही, समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की उनकी प्रतिबद्धता ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
आज जब वह भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ रहे हैं, तब मैं महाप्रभु श्री जगन्नाथ से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर ऊर्जा की कामना करता हूं। उनका नेतृत्व देश को नई प्रेरणा देता रहे और भारत को समृद्धि, गौरव तथा विकास के नए आयामों तक पहुंचाता रहे।”
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

