भुवनेश्वर: ओडिशा में संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में कांग्रेस ने एक बड़ा कदम उठाया है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (OPCC) के लिए एक नई ‘पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी’ (PAC) का गठन किया है, जिसमें वरिष्ठ नेता लालजी देसाई को कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

AICC द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद इस नई कमेटी का गठन किया गया है और यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। नवनिर्मित इस उच्चस्तरीय कमेटी में राज्य कांग्रेस के कई बड़े और अनुभवी नेताओं को जगह दी गई है। इसमें भक्त चरण दास, रामचंद्र कदम, पूर्व मुख्यमंत्री गिरधर गमांग, निरंजन पटनायक, जयदेव जेना, सरत पटनायक, प्रसाद हरिचंदन, सप्तगिरी शंकर उल्लका, रामचंद्र खूंटिया, नरसिंह मिश्रा और श्रीकांत जेना जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हैं।

इसके अलावा जगन्नाथ पटनायक, किशोर पटेल, अमर नाथ प्रधान, सुरेश राउतराय, नागेंद्र प्रधान, पंचानन कानूनगो, सरत राउत, सरस्वती हेम्ब्रम, अनंत प्रसाद सेठी, तारा प्रसाद बाहिनीपति, सी. एस. राजीन एक्का और संतोष सिंह सलूजा को भी समिति का सदस्य बनाया गया है। साथ ही देवाशीष पटनायक, शिवानंद राय, विश्वरंजन मोहंती, शश्वती बेहेरा और सिद्धार्थ स्वरूप दास को भी इस पैनल में जगह मिली है।

कमेटी में ओडिशा के प्रभारी AICC सचिवों के साथ-साथ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष, NSUI के राज्य अध्यक्ष और राज्य सेवा दल के प्रमुख को पदेन सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, आगामी राजनीतिक स्थिति और चुनावी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए दलीय समन्वय बनाने, नीतिगत फैसले लेने और जमीनी स्तर पर कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से इस पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी का गठन किया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m