Odisha Desk भुवनेश्वर: ओडिशा पुलिस महकमे से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाई.बी. खुरानिया (योगेश बहादुर खुरानिया) आगामी 16 अगस्त को अपने पद से सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। राज्य गृह विभाग ने उनकी सेवानिवृत्ति को औपचारिक रूप से मंजूरी देते हुए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।

1990 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी खुरानिया ने अपनी सेवानिवृत्ति की आयु पूरी होने के बाद सेवा विस्तार न लेने का फैसला किया, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया है।

डीजीपी की सेवानिवृत्ति की तिथि तय होते ही ओडिशा के नए पुलिस प्रमुख के चयन की कवायद बेहद तेज हो गई है। राज्य के नए पुलिस महानिदेशक के नाम का फैसला करने और योग्य आईपीएस अधिकारियों का एक पैनल तैयार करने के लिए 7 अगस्त को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई गई है।

राज्य के सर्वोच्च पुलिस पद के लिए कई अनुभवी और वरिष्ठ अधिकारियों के नामों की चर्चा ज़ोरों पर है

सुधांशु सारंगी (1990 बैच): 1990 बैच के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी सुधांशु सारंगी को इस पद का सबसे मजबूत और प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।

सुशांत नाथ (1993 बैच): 1993 बैच के वरिष्ठ अधिकारी, जिनका प्रशासनिक अनुभव काफी मजबूत है।

आर.पी. कोचे (1993 बैच): 1993 बैच के ही एक और अनुभवी आईपीएस अधिकारी, जो इस शीर्ष रेस में शामिल हैं।

सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के नियमों के तहत योग्य अधिकारियों की सूची तैयार की जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि पैनल की मंजूरी के तुरंत बाद राज्य सरकार अगले कुछ दिनों में नए डीजीपी के नाम का आधिकारिक ऐलान कर देगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m