Odisha Flood : भुवनेश्वर: ओडिशा में भारी बारिश से आई बाढ़ ने जमकर तबाही मचाई. ओडिशा सरकार ने शनिवार को कहा कि राज्य में बाढ़ की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है. प्रभावित जिलों में राहत सहायता, बचाव अभियान और चौबीसों घंटे निगरानी जारी है. राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) की लेटेस्ट रिपोर्ट में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी जिला प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. शनिवार सुबह 11 बजे तक महानदी, ब्राह्मणी, बैतरणी, बुधबलंगा, सुवर्णरेखा और जालका समेत सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर खतरे और चेतावनी दोनों स्तरों से नीचे रहा, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है.
विभिन्न जिलों में बाढ़ से 67 ग्राम पंचायतें और 164 गांव बुरी तरह प्रभावित हुए. इनमें से 42 गांव पूरी तरह जलमग्न हैं, जिससे करीब 2, 47, 493 लोग प्रभावित हुए हैं. प्रशासन ने अब तक 2,323 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. 18 राहत शिविरों में भोजन और आवश्यक सहायता मुहैया कराया जा रहा है. बाढ़ प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है. 86 बचाव टीमों को तैनात किया है, जिनमें ओड्राफ (ODRAF) की 32, एनडीआरएफ (NDRF) की 8 और अग्निशमन और आपातकालीन सेवा की 46 टीमें शामिल हैं.
एसडीआरएफ (SDRF) कोष से राहत शिविरों के संचालन और आपदा प्रबंधन के लिए चरणों में 110 करोड़, 26 करोड़ और 31.55 करोड़ रुपये मिलाकर कुल 167.55 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं. इसके अलावा बाढ़ प्रभावितों के लिए 21,445 पैकेटों में कुल 1,07,225 पॉलिथीन शीट और पशुओं के लिए 1,431.09 मीट्रिक टन मवेशी चारा उपलब्ध कराया गया है.
चार प्रमुख जिलों में वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी (Odisha Flood)
भद्रक: सुधांशु मोहन सामल
बालासोर: के. सुदर्शन चक्रवर्ती
जाजपुर: पी. अन्वेषा रेड्डी
केंद्रपाड़ा: अतिरिक्त विशेष राहत आयुक्त सुभाष चंद्र नाथशर्मा
विशेष राहत आयुक्त (SRC) के कार्यालय में स्थापित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) 24×7 स्थिति पर नजर बनाए हुए है. प्रशासन ने निचले इलाकों में जलभराव, अर्बन अंडरपास बंद होने, कच्चे मकानों के नुकसान और फसलों की क्षति को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है. साथ ही बिजली चमकने और वज्रपात के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर आश्रय लेने की अपील की गई है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

