Odisha Desk, ओडिशा। ओडिशा के कोरापुट जिले से हत्या का एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहां 14 दिनों से लापता 22 वर्षीय गर्भवती महिला का शव आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले से बरामद हुआ है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतका के पति और उसके एक 19 वर्षीय सहयोगी मिलन कुलदीप को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद शव को साक्ष्य मिटाने के इरादे से दूसरे राज्य में ले जाकर दफना दिया गया था।

29 जुलाई से लापता थी महिला

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान अल्बीना गड़ाडा (22) के रूप में हुई है। वह करीब तीन महीने की गर्भवती थी। अल्बीना 29 जुलाई को कोरापुट जिले के तुनखाल गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। घटना के बाद उसके पति मोहन खिल्ला (35) ने सुनाबेड़ा थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।हालांकि, अल्बीना के परिजनों ने शुरू से ही मोहन पर हत्या और साजिश की आशंका जताई थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को पहला बड़ा सुराग तब मिला, जब लापता अल्बीना का बंद मोबाइल फोन अचानक सक्रिय हुआ। सर्विलांस और तकनीकी टीम की मदद से पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया और संदेह के आधार पर मोहन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

12 अगस्त को कड़ाई से की गई पूछताछ के दौरान आरोपी मोहन ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने कबूल किया कि उसने मिलन कुलदीप की मदद से अल्बीना की हत्या की और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को ओडिशा-आंध्र प्रदेश सीमा पार ले जाकर आंध्र के मरुपाली गांव के पास दफना दिया था।

आंध्र प्रदेश में बरामद हुआ शव

14 अगस्त को ओडिशा पुलिस ने आंध्र प्रदेश पुलिस और स्थानीय अधिकारियों की मौजूदगी में बताए गए स्थान से शव को बाहर निकाला। मृतका के पिता ने कपड़ों और अवशेषों के आधार पर अल्बीना की पहचान की, जिसके बाद डीएनए परीक्षण के लिए फोरेंसिक नमूने सुरक्षित रखे गए हैं।

गाड़ी और मोबाइल सहित कई सामान जब्त

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी, शव दफनाने वाले औजार, कपड़े और आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे के मुख्य कारण का पता लगाने और फोरेंसिक सबूत जुटाने में जुटी है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H