Odisha Desk, भुवनेश्वर: इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के उपयोग और बिक्री के मामले में ओडिशा देश के अन्य राज्यों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। जून 2026 में ओडिशा में कुल वाहन बिक्री का 17 प्रतिशत हिस्सा इलेक्ट्रिक वाहनों का रहा, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह आंकड़ा 12 प्रतिशत है। राज्य के वाणिज्य एवं परिवहन मंत्री विभूति भूषण जेना ने ओडिशा की इस बड़ी उपलब्धि की जानकारी साझा की है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट साझा करते हुए परिवहन मंत्री जेना ने इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों को दिया। उन्होंने इसे ‘पूर्वोदय के प्रवेश द्वार ओडिशा के लिए प्रधानमंत्री का एक और महत्वपूर्ण योगदान’ करार दिया है।

‘पीएम ई-ड्राइव’ योजना से मिली मजबूती

परिवहन मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की ‘पीएम ई-ड्राइव’ (PM E-Drive) योजना के तहत ओडिशा को ₹40.50 करोड़ से अधिक का अनुदान प्राप्त हो चुका है। इस वित्तीय सहायता का मुख्य उद्देश्य राज्य में

इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग और उपयोग को तेजी से बढ़ावा देना।

चार्जिंग स्टेशन और ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर के नेटवर्क को मजबूत करना।

“ओडिशा में हरित परिवहन और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार की ओर से लगातार सहयोग मिल रहा है।”- विभूति भूषण जेना, परिवहन मंत्री

राज्य में हरित परिवहन को नया आयाम देने और पर्यावरण-अनुकूल व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए मंत्री जेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m