Odisha News : भुवनेश्वर. खान और खनिज (विकास और विनियमन) यानी एमएमडीआर अधिनियम में केंद्र सरकार द्वारा किए गए हालिया संशोधनों को लेकर ओडिशा की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल ने आक्रामक रुख अपना लिया है. पार्टी ने इन संशोधनों को ओडिशा के अधिकारों, वित्तीय स्वायत्तता और प्राकृतिक संसाधनों पर सीधा हमला करार दिया है. बीजेडी ने स्पष्ट किया है कि यह केवल राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि राज्य के खनिज हितों और अस्तित्व को बचाने की एक निर्णायक लड़ाई है.
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बीजेडी के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र सरकार और ओडिशा भाजपा पर तीखा हमला बोला है. बीजेडी ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली की तुलना ऐतिहासिक आक्रांता ‘कालापहाड़’ से करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ओडिशा की बहुमूल्य प्राकृतिक संपदा का बेरहमी से शोषण करने में जुटी है.
बीजेडी ने आरोप लगाया कि ओडिशा के खनिज संसाधनों पर केंद्रीय नियंत्रण बढ़ाकर राज्य सरकार की शक्तियों को अपाहिज बनाने की एक सोची-समझी साजिश रची गई है.
ओडिशा के अधिकारों के हनन पर भाजपा चुप : BJD
बीजेडी ने कहा कि राज्य के अधिकारों के हनन पर ओडिशा के वर्तमान भाजपा नेतृत्व, केंद्रीय मंत्री और सांसद पूरी तरह चुप हैं, जो राज्य की जनता के साथ सीधा विश्वासघात है. बीजेडी के अनुसार, इस नए संशोधन से संघीय ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचेगा और ओडिशा के खजाने पर असर पड़ेगा.
पार्टी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के कार्यकाल में ओडिशा ने केंद्र के अनुदान पर निर्भर रहने के बजाय अपने राजस्व स्रोतों को मजबूत किया था. उसी कमाई से राज्य में कई जन-कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही थीं. नया MMDR संशोधन ओडिशा की इसी आर्थिक आत्मनिर्भरता को समाप्त करने का प्रयास है.
बीजेडी ने चेतावनी दी है कि ओडिशा की जनता अपने अधिकारों के साथ यह समझौता स्वीकार नहीं करेगी. आने वाले दिनों में पार्टी इस फैसले के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक व्यापक आंदोलन चलाएगी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


