केंद्रापड़ा: ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले के महाकालपाड़ा ब्लॉक अंतर्गत रामनगर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां स्थानीय भाजपा बूथ अध्यक्ष तपन दास की अज्ञात बदमाशों ने बेहद बेरहमी से हत्या कर दी. इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में भारी तनाव और शोक का माहौल व्याप्त है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है.

प्राथमिक जांच से मिली जानकारी के अनुसार, तपन दास जब इलाके में अकेले थे, तभी घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया. हमलावरों ने उनके सिर पर लकड़ी के भारी फट्टे (काठ फालिया) से एक के बाद एक कई ताबड़तोड़ वार किए. प्रहार इतने घातक थे कि तपन दास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी इतने पर ही नहीं रुके. हत्या के पुख्ता सबूत और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने खून से लथपथ शव को वहां से उठाकर दूसरी जगह फेंक दिया और मौके से फरार हो गए. सुबह स्थानीय लोगों ने शव को देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई.

घटना की जानकारी मिलते ही जंबु मरीन (सामुद्रिक) थाना पुलिस की टीम तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और वैज्ञानिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है.

राजनैतिक दल से जुड़े होने के कारण पुलिस इस मामले में बेहद सतर्कता से कदम आगे बढ़ा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस हत्याकांड के पीछे के असली कारणों की बारीकी से छानबीन कर रहे हैं. जांच में व्यक्तिगत दुश्मनी, व्यावसायिक विवाद और राजनीतिक साजिश समेत सभी संभावित कोणों (Angels) को शामिल किया गया है.

इस बीच, स्थानीय निवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है. लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग को लेकर हंगामा भी किया है. पुलिस ने आक्रोशित जनता को आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच पूरी होते ही हत्याकांड का पूरा सच सामने आ जाएगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.