ढेंकानाल: ओडिशा में जारी जनगणना प्रक्रिया के बीच ढेंकानाल जिले के कामाख्यानगर इलाके से एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय घटना सामने आई है. यहाँ जनगणना जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्य में लगे कर्मचारियों पर जानलेवा हमले का आरोप लगा है. इस हिंसा में दो महिला कर्मचारियों समेत कुल 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

जानकारी के अनुसार, कामाख्यानगर एनएसी (NAC) के वार्ड नंबर 3 स्थित महिमानगर साही में आज सुबह जनगणना का काम चल रहा था. सरकारी नियमों के मुताबिक कर्मचारी घर-घर जाकर डेटा जुटा रहे थे. इसी दौरान स्थानीय इलाके के एक व्यक्ति और उसके दो बेटों ने किसी बात को लेकर कर्मचारियों से बहस शुरू कर दी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उक्त व्यक्ति और उसके परिवार ने टीम पर अचानक हमला कर दिया.

आरोप है कि हमलावरों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि कर्मचारियों को पत्थरों और लाठियों से दौड़ा-दौड़कर पीटा. इस हमले में 2 महिला कर्मियों के चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं. इतना ही नहीं, उपद्रवियों ने ड्यूटी में इस्तेमाल हो रही गाड़ी को भी तोड़कर चकनाचूर कर दिया. मौके पर मची चीख-पुकार सुनकर जब स्थानीय लोग जमा हुए, तो आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगे.

घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कामाख्यानगर के उप-जिलाधिकारी (Sub-Collector), तहसीलदार, एसडीपीओ (SDPO) और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके दो बेटों को हिरासत में ले लिया है. सरकारी कर्मचारियों को उनके कर्तव्य पालन के दौरान रोकने, उन पर हमला करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं के तहत पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है.

जनगणना करने वाले अधिकारियों ने पहले बताया था कि यह आजादी के बाद की आठवीं जनगणना होगी और पहली बार इसमें आम नागरिक खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे. वहीं, दूसरे चरण में जातिगत जनगणना भी शामिल की जाएगी.

भारत सरकार ने 16 साल के लंबे अंतराल के बाद जनगणना की प्रक्रिया को आधिकारिक तौर पर 1 अप्रैल 2026 से शुरू कर दिया है.

पहला चरण (हाउस लिस्टिंग): ओडिशा में इस चरण के लिए 16 अप्रैल से 15 मई 2026 तक का समय तय किया गया है. इसमें घरों की गिनती और मकानों से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी.

दूसरा चरण (जनसंख्या गणना): यह मुख्य चरण फरवरी 2027 में होगा, जिसमें लोगों की व्यक्तिगत जानकारी दर्ज की जाएगी.

डिजिटल जनगणना: इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल है. लोग 17 अप्रैल से 1 मई 2026 के बीच आधिकारिक पोर्टल पर जाकर खुद भी अपनी जानकारी दर्ज (Self-Enumeration) कर सकते हैं.