भुवनेश्वर: राजधानी के स्ट्रीट फूड प्रेमियों, खासकर गुपचुप (गोलगप्पे) के शौकीनों के लिए एक अच्छी खबर है. भुवनेश्वर नगर निगम (BMC) शहर में एक समर्पित ‘गुपचुप बाजार’ स्थापित करने जा रहा है. इस विशेष बाजार के लिए क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान (RIE) के सामने वाले रोड साइड को चिन्हित किया गया है.

बीएमसी की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में हैं. निर्धारित स्थान पर पेवर ब्लॉक लगाने और आकर्षक लाइटिंग (प्रकाश व्यवस्था) के साथ सौंदर्यीकरण का काम पूरा हो चुका है. इसे एक व्यवस्थित ‘वेंडिंग जोन’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे गुपचुप विक्रेताओं को व्यापार के लिए एक निश्चित और सुव्यवस्थित जगह मिलेगी.

इस पहल का उद्देश्य शहर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को संगठित करना और लोगों को एक ही स्थान पर बेहतर माहौल में गुपचुप का स्वाद उपलब्ध कराना है. जल्द ही भुवनेश्वर के लोग इस नए ‘गुपचुप बाजार’ का आनंद ले सकेंगे.