Odisha News : ओडिशा के पुरी स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर और महाप्रभु जगन्नाथ को लेकर एक बार फिर भक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा पोस्ट में भक्तों को बेहद आसान और विशेष सुविधा के साथ जगन्नाथ धाम के दर्शन कराने का दावा किया जा रहा है.

‘ईओ ओडिशा’ के नाम से चल रहा है विज्ञापन

सोशल मीडिया पर घूम रहे इस विज्ञापन को ‘ईओ ओडिशा’ (EO Odisha) नाम की एक संस्था द्वारा जारी किया गया है. इस विज्ञापन में आकर्षक लाइनों के साथ लिखा गया है कि “अब जगन्नाथ धाम के दर्शन करना और भी आसान हो गया है.” इतना ही नहीं, संस्था ने इस कथित विशेष सेवा को आगामी 1 अगस्त से शुरू करने की बात कही है और विज्ञापन में बकायदा संपर्क नंबर (Contact Number) भी जारी किया है.

बिना मंदिर प्रशासन की अनुमति के VIP सेवा का दावा

इस विज्ञापन के सामने आने के बाद अब पुरी और पूरे ओडिशा में एक नया विवाद खड़ा हो गया है. श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) की ओर से मंदिर में इस तरह की किसी भी निजी वीआईपी दर्शन (VIP Darshan) व्यवस्था या किसी बाहरी एजेंसी को ऐसी अनुमति देने के बारे में कोई आधिकारिक सूचना या आदेश जारी नहीं किया गया है. ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि कोई बाहरी संस्था अपनी मनमर्जी से महाप्रभु के दर्शन कराने के नाम पर इस तरह का व्यावसायिक विज्ञापन कैसे दे सकती है?

भक्तों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग

महाप्रभु जगन्नाथ के प्रति करोड़ों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है. दर्शन के नाम पर इस तरह के भ्रामक विज्ञापनों को लेकर भक्तों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. स्थानीय लोगों और जगन्नाथ संस्कृति के जानकारों का कहना है कि यह सीधे तौर पर श्रद्धालुओं की भावनाओं से खेलने और उन्हें ठगने की कोशिश है. मंदिर प्रशासन और पुलिस से इस मामले की जांच कर भ्रामक विज्ञापन चलाने वाली संस्था के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की जा रही है, ताकि कोई भी आस्था के नाम पर धोखाधड़ी न कर सके.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H