भुवनेश्वर। ओडिशा में महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक सफलता मिली है। राज्य में निर्धारित समय सीमा से लगभग एक वर्ष पहले ही ‘लखपति दीदी’ की संख्या 25 लाख के आंकड़े को पार कर गई है, जो देश भर में एक नया रिकॉर्ड है। बुधवार को भुवनेश्वर स्थित ‘मिशन शक्ति भवन’ में आयोजित राज्य स्तरीय ‘सुभद्रा शक्ति विजन समिट’ के दौरान राज्य की उप-मुख्यमंत्री प्रभाती परिदा ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की घोषणा की।

उप-मुख्यमंत्री प्रभाती परिदा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ओडिशा सरकार ने अपने तय लक्ष्यों को सफलतापूर्वक हासिल करते हुए राज्य में कुल 26,39,909 ‘लखपति दीदी’ तैयार करने में सफलता पाई है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2036 तक ओडिशा को एक समृद्ध और विकसित अर्थव्यवस्था में बदलने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। इस आर्थिक रूपांतरण में महिलाएं सबसे प्रमुख और अग्रणी भूमिका निभाएंगी। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हर ‘मिशन शक्ति’ महिला को एक आत्मनिर्भर उद्यमी के रूप में स्थापित करना है।

महिलाओं की आर्थिक उन्नति और व्यवसायों को गति देने के लिए उप-मुख्यमंत्री ने इस समिट के दौरान भारी मात्रा में वित्तीय सहायता राशि जारी की।

राज्य के 2,88,198 स्वयं सहायता समूहों (SHG) के लिए 147.76 करोड़ रुपये की ब्याज सबवेंशन (छूट) राशि मंजूर की गई है। 26 जिलों के 23,536 SHG समूहों को 45.71 करोड़ रुपये की रिवॉल्विंग फंड सहायता प्रदान की गई है। 27 जिलों के 624 ग्राम पंचायत स्तरीय महासंघों को ‘सीआईएफ’ के तहत 189.57 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं। 15 जिलों के एरिया लेवल फेडरेशन को 9.64 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है।

इस भव्य कार्यक्रम के दौरान उप-मुख्यमंत्री ने खोर्धा, पुरी और जाजपुर जिलों के महिला समूहों को अपने हाथों से सहायता राशि के चेक सौंपे।

इस विजन समिट में ‘ओडिशा विजन-2036’ के लक्ष्यों के साथ-साथ राज्य में लखपति दीदी, महालखपति दीदी और करोड़पति दीदी उद्यमी तैयार करने, महिलाओं के नेतृत्व वाले व्यवसायों को बढ़ाने, बाजार से जुड़ाव और वित्तीय समावेशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में मिशन शक्ति विभाग की कमिश्नर-कम-सेक्रेटरी मानसी निम्भल, डायरेक्टर मोनिका प्रियदर्शिनी और एसएलबीसी ओडिशा के जनरल मैनेजर प्रणब कुमार विश्वास समेत सभी 30 जिलों के मिशन शक्ति प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m