नयागढ़: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के बाहरी इलाके बलियांता में हुई हालिया हत्या के घाव अभी भरे भी नहीं थे कि नयागढ़ जिले से एक और दहला देने वाली वारदात सामने आई है. ओड़गाँव (Odagaon) थाना क्षेत्र में पत्थर माफियाओं ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके दोनों हाथ काटकर शरीर से अलग कर दिए. मृतक की पहचान अजीत कुमार साहू के रूप में हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार, यह भीषण घटना सोमवार तड़के ओड़गाँव थाने से महज 2 किमी दूर कदलीबंध गांव के पास हुई. बताया जा रहा है कि रात करीब 1 बजे अजीत और उसका एक साथी संतोष कुमार प्रधान इलाके में पत्थर लदे दो वाहनों को रोकने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान उनका पत्थर माफिया समूह के सदस्यों से विवाद हो गया.
विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने घातक हथियारों से अजीत पर हमला कर दिया. हमलावरों ने अजीत के दोनों हाथ काट दिए और मौके पर ही उसे मौत के घाट उतार दिया. अजीत का साथी संतोष किसी तरह वहां से भागने में सफल रहा और पास के एक ढाबे में छिपकर अपनी जान बचाई.
सोमवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खून से लथपथ शव देखा, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर रास्ता जाम कर दिया है. प्रदर्शनकारी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. मौके पर स्थिति को देखते हुए तनाव बना हुआ है.
सूचना मिलते ही ओड़गाँव पुलिस और साइंटिफिक टीम मौके पर पहुंच गई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में इसे पत्थर माफियाओं द्वारा अंजाम दी गई साजिश माना जा रहा है. पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

