Puri Murder Case Update : पुरी: ओडिशा के पुरी में बुजुर्ग मां की हत्या कर शव को किचन के फर्श के नीचे दफनाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटनास्थल और किराए के मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी का एक आधार कार्ड मिला है, जिसके बाद जांच एक नए मोड़ पर पहुंच गई है।

बरामद आधार कार्ड में आरोपी का नाम मदन दलाई और पता पुरी का ‘रेड क्रॉस रोड’ दर्ज है। इससे पुलिस के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो गई कि क्या यह आधार कार्ड पूरी तरह फर्जी है, या फिर मकान मालिक का यह दावा गलत है कि मदन पारलाखेमुंडी का रहने वाला है? पुलिस अब आरोपी की असली पहचान स्थापित करने के लिए इस नए पहलू पर जांच आगे बढ़ा रही है।

पुलिस द्वारा एकत्र किए गए सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डेटा से कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। किराए के मकान के सामने स्थित ‘भगवान वैरायटी स्टोर’ के फुटेज में मदन को आखिरी बार 20 अगस्त को जयगढ़ इलाके में घूमते हुए देखा गया था। मोबाइल ट्रैकिंग डेटा से पता चला है कि आरोपी के फोन की आखिरी लोकेशन 21 अगस्त को पुरी रेलवे स्टेशन दर्ज की गई थी।

इससे पुलिस को संदेह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद मदन पुरी में एक और दिन रुका था। पुरी पुलिस ने आरोपी के फोटो और वीडियो पारलाखेमुंडी पुलिस के साथ साझा किए हैं। मदन तीन महीने पहले पुरी आया था और खुद को पारलाखेमुंडी का निवासी बताकर किराए के मकान में रह रहा था।

सघन जांच के दौरान पाया गया कि बरामद किया गया आधार कार्ड पूरी तरह फर्जी था। इतना ही नहीं, आरोपी ने इसी जाली आधार कार्ड का इस्तेमाल कर एक मोबाइल सिम कार्ड भी खरीदा था। पुलिस अब उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H