भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और पर्यटन को गति देने के लिए 10 नए हवाई मार्गों (फ्लाइट रूट्स) को मंजूरी दे दी है. मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया. बताया जा रहा है कि इन रूटों पर स्टार एयर द्वारा छोटे विमानों का संचालन किए जाने की संभावना है.

नए हवाई मार्ग भुवनेश्वर और झारसुगुड़ा को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ेंगे, जिनमें शामिल हैं: अहमदाबाद, पुणे, जयपुर, भोपाल, शिरडी, तिरुपति, सूरत, पुरी, कोलकाता और उज्जैन. समिति ने राज्य के विभिन्न हवाई पट्टियों (Airstrips) के उन्नयन की योजना की भी समीक्षा की. इसमें सतीभटा, जमदरपल्ली, रायसुअन, अमरडा रोड और गोतमा शामिल हैं. साथ ही, भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते ट्रैफिक को संभालने के लिए सुधार कार्यों पर चर्चा की गई.

कैबिनेट ने 2025-30 के लिए ₹4,182 करोड़ की ‘बिल्डिंग एंड मैनेजमेंट ऑफ एविएशन एसेट्स एंड नेटवर्क’ योजना को मंजूरी दी है, जिसमें से ₹500 करोड़ से अधिक केवल हवाई पट्टियों के विकास के लिए रखे गए हैं. नवरंगपुर और फूलबनी जैसे जिलों में हेलीपोर्ट बनाने तथा जयपुर और तुसुरा के क्षेत्रीय हवाई अड्डों को अपग्रेड करने की योजना है.

अधिकारियों ने पुरी में प्रस्तावित श्री जगन्नाथ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के काम में तेजी लाने और झारसुगुड़ा एवं राउरकेला विस्तार के लिए मई 2026 तक भूमि हस्तांतरण पूरा करने के निर्देश दिए हैं.