Odisha Vigilance Raid: भुवनेश्वर. ओडिशा विजिलेंस ने सोमवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नौगांव तहसील में वरिष्ठ राजस्व सहायक के पद पर तैनात भंज किशोर बेहरा के 6 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है. पूर्व में जगतसिंहपुर जिले के तिर्तोल ब्लॉक में पदस्थापित रहे बेहरा पर 3 करोड़ रुपये से अधिक के सरकारी धन के गबन और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. विजिलेंस ने यह कार्रवाई कटक विजिलेंस थाना केस संख्या 30/2026 (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018) के तहत की है.

उल्लेखनीय है कि भंज किशोर बेहरा को विजिलेंस ने 12 अगस्त 2026 को 3,02,95,000 रुपये के सरकारी फंड के गबन के आरोप में गिरफ्तार किया था.

वित्तीय वर्ष 2011-12 से 2021-22 के बीच की गई गहन जांच में विजिलेंस ने पाया कि बेहरा ने तिर्तोल ब्लॉक कार्यालय में रहते हुए एक व्यवस्थित वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम दिया. उसने सरकारी वेतन रजिस्टरों और वितरण दस्तावेजों में हेरफेर और जालसाजी करके करोड़ों रुपये का गबन किया.

विजिलेंस टीम द्वारा की गई कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी भंज किशोर बेहरा ने स्वीकार किया कि उसने गबन किए गए पैसों से लगभग 2 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियां खड़ी की हैं. इसमें आलिशान घर, टेंट हाउस व्यवसाय और अन्य कीमती सामान शामिल हैं.

6 स्थानों पर चल रही है तलाशी

पटेणीगांव (रघुनाथपुर): लगभग 7,000 वर्ग फुट में बना एक आलिशान दो मंजिला आवासीय भवन.

टेंट हाउस: पटेणीगांव में ही लगभग 4,000 वर्ग फुट में फैला एक टेंट हाउस.

अन्य भवन: पटेणीगांव में लगभग 3,000 वर्ग फुट का एक और दो मंजिला मकान.

रिश्तेदार के घर: रघुनाथपुर थाना अंतर्गत सनकोरकोरा गांव में स्थित रिश्तेदार का आवास.

नौगांव तहसील कार्यालय: बेहरा का वर्तमान कार्यालय कक्ष.

तिर्तोल बीडीओ कार्यालय: बेहरा का पूर्व कार्यस्थल.

फिलहाल सभी स्थानों पर विजिलेंस टीम की छापेमारी जारी है और जांच पूरी होने के बाद आय से अधिक संपत्ति का अंतिम आंकड़ा सामने आने की उम्मीद है. 

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H