ODISHA DESK, भुवनेश्वर: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे भीषण युद्ध के बीच एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रूस की राजधानी मॉस्को में हुए एक भयानक ड्रोन हमले में ओडिशा के गंजम जिले के एक भारतीय युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान गंजम जिले के चिकिटी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले माधवबंध गांव के निवासी ए. रमैया के रूप में हुई है। इस घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ए. रमैया केवल एक महीने पहले ही बेहतर भविष्य और रोजगार की तलाश में रूस गया था। वह वहां एक श्रमिक के रूप में काम कर रहा था। लेकिन किसे पता था कि जिस नौकरी की तलाश में वह सात समंदर पार गया है, वही उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगी। मॉस्को क्षेत्र में यूक्रेन द्वारा किए गए हालिया बड़े ड्रोन हमलों के दौरान रमैया इसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस हमले में तीन अन्य भारतीय श्रमिकों के भी घायल होने की खबर है, जिनका इलाज चल रहा है।
घटना की पुष्टि करते हुए गंजम के जिला कलेक्टर कीर्ति वासन वी ने बताया कि जिला प्रशासन इस मामले को लेकर बेहद संवेदनशील है। उन्होंने कहा “हम रूस में मौजूद भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। जिला प्रशासन की ओर से हर संभव कानूनी और कूटनीतिक प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि मृतक ए. रमैया के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द सम्मानपूर्वक ओडिशा लाया जा सके और परिजनों को सौंपा जा सके।”
रमैया की अचानक मौत की खबर ने उसके परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। घर के कमाऊ सदस्य के इस तरह चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद की जाए और रमैया के शव को स्वदेश लाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
रूस-यूक्रेन युद्ध में अब तक कई भारतीयों के हताहत होने की खबरें आई हैं, लेकिन मॉस्को क्षेत्र में किसी भारतीय नागरिक की मौत का यह पहला बड़ा मामला माना जा रहा है। भारतीय दूतावास घायल नागरिकों की स्थिति पर भी पैनी नजर रखे हुए है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

