गणेश उत्सव में बप्पा को मोदक का भोग लगाने की परंपरा है। हर साल भक्त मोदक को अलग-अलग स्वाद और अंदाज में तैयार करते हैं। अगर इस बार आप गणपति बप्पा के भोग में कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो पान मोदक एक स्वादिष्ट विकल्प हो सकता है। पान के ताजगी भरे फ्लेवर और मोदक की मिठास का यह कॉम्बिनेशन मेहमानों को भी पसंद आ सकता है। खास बात यह है कि इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है।आइए जानते हैं पान मोदक बनाने की रेसिपी ।

सामग्री

पान के पत्ते-8-10
मावा/खोया-1 कप
मिल्क पाउडर-½ कप
चीनी-½ कप पिसी हुई
दूध-2-3 बड़े चम्मच
गुलकंद-1-2 चम्मच
काजू-बादाम-1 बड़ा चम्मच बारीक कटा
नारियल का बुरादा-1 बड़ा चम्मच
इलायची पाउडर-½ छोटा चम्मच
हरा फूड कलर -1-2 बूंद
सजाने के लिए थोड़े कटे हुए ड्राई फ्रूट्स

विधि

1-सबसे पहले पान के पत्तों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें। इनके डंठल हटाकर छोटे टुकड़ों में काट लें।
2-पान के पत्तों को 2-3 बड़े चम्मच दूध के साथ मिक्सर में डालकर बारीक पेस्ट तैयार कर लें।
3-एक कड़ाही में मावा डालकर धीमी आंच पर हल्का भूनें। इसमें मिल्क पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
4-अब इसमें पान का तैयार पेस्ट, पिसी हुई चीनी और इलायची पाउडर डालें। मिश्रण को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं।
5-जब मिश्रण गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने लगे, तो गैस बंद कर दें। इसमें गुलकंद, नारियल का बुरादा और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिला लें।
6-मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। हाथों पर हल्का घी लगाकर मिश्रण की छोटी-छोटी लोइयां बना लें।
7-अब मोदक के सांचे में मिश्रण भरकर अच्छी तरह दबाएं और मोदक का आकार दें।
8-तैयार पान मोदक को सांचे से निकालें और ऊपर से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स से सजाएं।
अब आपके स्वादिष्ट पान मोदक तैयार हैं। इन्हें गणपति बप्पा को भोग में अर्पित करें और प्रसाद के रूप में परिवार के साथ आनंद लें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m