Lifestyle Desk – गणेश उत्सव के दौरान घर में रोजाना बप्पा के लिए अलग-अलग तरह के पकवान बनाने की परंपरा है। गणपति को मोदक प्रिय माना जाता है, इसलिए इस दौरान कई घरों में तरह-तरह के मोदक बनाए जाते हैं। अगर आप भी गणेश उत्सव में बप्पा के भोग के लिए कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहती हैं, तो इस बार पनीर मोदक ट्राई कर सकती हैं। इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती और यह सामान्य मोदक से थोड़ा अलग स्वाद देता है।पनीर की नरम बनावट और दूध की मिठास इसे स्वादिष्ट बनाने के साथ-साथ खास बनाती है। इसे आप घर पर आसानी से तैयार कर सकती हैं। आइए जानते हैं पनीर मोदक बनाने की आसान रेसिपी।

सामग्री
ताजा पनीर-250 ग्राम
मिल्क पाउडर-½ कप
चीनी-½ कप पिसी हुई
दूध-2-3 बड़े चम्मच
इलायची पाउडर-½ छोटा चम्मच
ड्राई फ्रूट्स-1-2 बड़े चम्मच बारीक कटे हुए
थोड़ा सा केसर
मोदक के सांचे को चिकना करने के लिए थोड़ा घी
विधि
- सबसे पहले तैयार करें पनीर का मिश्रण तैयार करना है। पनीर मोदक बनाने के लिए सबसे पहले ताजे पनीर को अच्छी तरह मसलकर या कद्दूकस करके बारीक कर लें।
- ध्यान रखें कि पनीर में बड़े टुकड़े न रहें। अब एक नॉन-स्टिक या भारी तले वाली कड़ाही लें और उसमें पनीर डालें। इसमें मिल्क पाउडर और दूध डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं।
- मिश्रण को तेज आंच पर न पकाएं, वरना पनीर नीचे चिपक सकता है और उसका स्वाद भी बदल सकता है। करीब कुछ मिनट तक इसे चलाते हुए पकाएं, जब तक मिश्रण थोड़ा गाढ़ा होकर एक साथ इकट्ठा होने न लगे।
- अब गैस की आंच धीमी रखें और इसमें पिसी हुई चीनी डालें। चीनी डालने के बाद मिश्रण थोड़ा ढीला हो सकता है, इसलिए इसे लगातार चलाते रहें। जब मिश्रण दोबारा गाढ़ा होने लगे, तब इसमें इलायची पाउडर डालें।
- अगर आप मोदक में हल्की केसर की खुशबू और रंग चाहती हैं तो केसर को थोड़े से गुनगुने दूध में भिगोकर मिश्रण में मिला सकती हैं। अंत में बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिला दें।
- जब मिश्रण कड़ाही छोड़ने लगे तो गैस बंद कर दें। इसे कुछ देर ठंडा होने दें, लेकिन पूरी तरह ठंडा न होने दें। अब मोदक के सांचे को हल्का सा घी लगाकर चिकना कर लें।
- तैयार मिश्रण को सांचे में भरें और अच्छी तरह दबाएं, ताकि मोदक का आकार सही बने। इसके बाद सांचे को खोलकर मोदक को प्लेट में निकाल लें। इसी तरह पूरे मिश्रण से मोदक तैयार कर लें।
- तैयार पनीर मोदक को आप थोड़े से कटे पिस्ता, बादाम या केसर से सजा सकती हैं। भोग लगाने से पहले मोदक को कुछ देर सामान्य तापमान पर रहने दें। इसके बाद बप्पा को भोग लगाएं और परिवार के साथ प्रसाद के रूप में इसका आनंद लें।
ध्यान रखें ये बातें
पनीर मोदक बनाते समय ताजा और अच्छी गुणवत्ता वाला पनीर इस्तेमाल करें। मिश्रण को तेज आंच पर पकाने से बचें और लगातार चलाते रहें। चीनी की मात्रा आप अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा कर सकती हैं। अगर मोदक बच्चों के लिए बना रही हैं तो ड्राई फ्रूट्स को बारीक काटकर डालना बेहतर रहेगा।



