Dharm Desk : गणेश उत्सव का पावन पर्व चल रहा है और इस दौरान घर में बप्पा के लिए कुछ खास बनाने की इच्छा हर किसी की होती है। अब तक मोदक का भोग लगाने के बाद अगर आप कुछ अलग और पारंपरिक बनाने का मन है, तो पूरन पोली एक स्वादिष्ट विकल्प हो सकती है। मीठी पूरन पोली बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है। हालांकि, इसे बनाने में सबसे ज्यादा समय चना दाल को भिगोने और पकाने में लगता है।

अगर आप दाल को पहले से भिगोना भूल गई हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। चना दाल को बिना भिगोए भी प्रेशर कुकर में पकाकर स्वादिष्ट पूरन तैयार किया जा सकता है। इस आसान तरीके से आपका समय भी बचेगा और गणपति बप्पा के लिए घर पर गर्मागर्म पूरन पोली भी बन जाएगी। आइए जानते हैं आसान सी रेसिपी ।
सामग्री
पूरण के लिए
चना दाल-1 कप
गुड़-1 कप
घी-2 बड़े चम्मच
इलायची पाउडर-1/2 चम्मच
जायफल पाउडर-1/4 चम्मच
केसर-1 चुटकी
पूरी के आटे के लिए
गेहूं का आटा-2 कप
सूजी-2 बड़े चम्मच
तेल या घी-1 बड़ा चम्मच
नमक-1 चुटकी
जरूरत के अनुसार पानी
तेल या घी-जरूरत के अनुसार
विधि
- सबसे पहले चना दाल को अच्छी तरह धोकर बिना भिगोए प्रेशर कुकर में डालें। इसमें करीब 2½ कप पानी डालकर मध्यम आंच पर 5-6 सीटी आने तक पकाएं। प्रेशर निकलने के बाद दाल को चेक करें। दाल अच्छी तरह गल जानी चाहिए।
- पकी हुई दाल को छानकर अतिरिक्त पानी निकाल दें। अब कड़ाही में घी गर्म करके दाल डालें। इसमें गुड़ डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं।
- जब मिश्रण गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने लगे, तब इसमें इलायची और जायफल पाउडर डालकर मिला दें। गैस बंद करके पूरण को ठंडा होने दें।
- ठंडा होने के बाद पूरण को अच्छी तरह मैश कर लें। अगर पूरण में दाल के दाने महसूस हो रहे हों, तो इसे छन्नी से छानकर मुलायम कर सकती हैं।
- एक बर्तन में गेहूं का आटा, सूजी, नमक और तेल या घी डालें। पानी की मदद से थोड़ा सख्त लेकिन मुलायम आटा गूंथ लें। आटे को ढककर करीब 15 मिनट के लिए रख दें।
- आटे की छोटी लोई बनाएं। इसे हल्का सा बेलकर बीच में तैयार पूरण रखें। आटे को चारों तरफ से उठाकर पूरण को अच्छी तरह बंद कर दें। अब इसे हल्के हाथों से दबाकर पूरी के आकार में बेल लें।
- कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। तेल अच्छी तरह गर्म होने पर एक-एक करके पूरण पूरी डालें। पूरी को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। इसी तरह सारी पूरियां तैयार कर लें।
- गरमा-गरम पूरण पूरी तैयार है। इसे बप्पा को भोग में चढ़ाएं और प्रसाद के रूप में परिवार के साथ परोसें। चाहें तो इसे गर्म दूध या अपनी पसंद की सब्जी के साथ भी खा सकते हैं।
पूरण पूरी को स्वादिष्ट बनाने के टिप्स
- पूरण में पानी बिल्कुल ज्यादा न रखें, वरना पूरी बेलते समय फट सकती है।
- पूरण पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही आटे में भरें।
- पूरी बहुत पतली न बेलें, वरना पूरण बाहर निकल सकता है।
- तेल अच्छी तरह गर्म होने के बाद ही पूरी तलें।
- मध्यम आंच पर तलने से पूरी कुरकुरी और अच्छी तरह पकती है।



